रायपुर : छत्तीसगढ़ ने सरकारी खरीदी के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) के 10वें स्थापना दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ को ‘GeM Sustainable Procurement Award’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में राज्य को यह सम्मान प्रदान किया गया।
GeM के एक दशक पूरे होने पर आयोजित समारोह की थीम ‘GeM 10: A Decade of Exponential Possibilities’ रही। राज्य सरकारों के लिए निर्धारित ‘प्रीमियर अवार्ड्स–स्टेट गवर्नमेंट फेलिसिटेशन’ श्रेणी में छत्तीसगढ़ को GeM के प्रभावी उपयोग और सरकारी खरीदी के मूल्य एवं मात्रा में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए यह पुरस्कार मिला।
GeM से खुली प्रतिस्पर्धा, सरकार को ₹130 करोड़ की बचत
GeM प्लेटफॉर्म पर पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी निविदा प्रक्रिया का सीधा फायदा छत्तीसगढ़ सरकार को मिला है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य शासन ने करीब ₹3,935 करोड़ की खरीदी GeM के माध्यम से की, जिससे अनुमानित लागत और प्रतिस्पर्धी बोली के बाद प्राप्त वास्तविक बाजार मूल्य के अंतर से करीब ₹130 करोड़ की बचत हुई।
पिछले तीन वित्तीय वर्षों को मिलाकर प्रतिस्पर्धी खरीदी के जरिए राज्य सरकार को कुल ₹235 करोड़ की बचत हुई है।
GeM की खुली बोली प्रक्रिया, मानकीकृत तकनीकी विनिर्देश और प्रत्येक लेन-देन के डिजिटल एवं ऑडिट योग्य रिकॉर्ड से सरकारी खरीदी में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिला है।
GeM से सरकारी खरीदी में 113% की बढ़ोतरी
छत्तीसगढ़ में GeM के जरिए सरकारी खरीदी में जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर ₹3,935 करोड़ हो गया, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 113 प्रतिशत अधिक है।
राज्य सरकार ने विभागों, निगमों और स्थानीय निकायों की खरीदी को एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने के लिए प्रयास किए हैं। इससे अधिक से अधिक सरकारी खरीदी खुली प्रतिस्पर्धा के दायरे में आई है।
MSE से ₹1,800 करोड़ की खरीदी, लक्ष्य से काफी ज्यादा
GeM के बढ़ते उपयोग का लाभ सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को भी मिला है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में MSEs से खरीदी 61 प्रतिशत बढ़कर ₹1,800 करोड़ हो गई। यह निर्धारित 25 प्रतिशत MSE खरीद लक्ष्य से काफी अधिक है।
वहीं महिला उद्यमियों से सरकारी खरीदी में 97 प्रतिशत, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों से 108 प्रतिशत और स्टार्टअप से खरीदी में रिकॉर्ड 178 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
CM साय बोले- GeM ने उद्यमियों के लिए खोले सरकारी बाजार के दरवाजे
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि GeM ने छत्तीसगढ़ के उद्यमियों को बिना किसी मध्यस्थ के सीधे सरकारी मांग और बाजार से जुड़ने का मजबूत माध्यम उपलब्ध कराया है।
उन्होंने कहा कि महिला उद्यमियों, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों और स्टार्टअप की बढ़ती भागीदारी इस पारदर्शी व्यवस्था की सफलता को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खुला और पारदर्शी डिजिटल मार्केटप्लेस प्रत्येक उद्यमी को समान अवसर देता है। सरकार का प्रयास है कि इसका लाभ प्रदेश के अधिक से अधिक सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों, महिला उद्यमियों, SC-ST वर्ग के उद्यमियों और स्टार्टअप तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी सरकारी खरीदी के साथ स्थानीय उद्यमिता को मजबूत करते हुए छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।

