नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण पर जोर

Spread the love

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :  राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार आगामी नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक प्रकरणों के आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से निराकरण के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक आगामी 12 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के संदर्भ में आर्बिट्रेशन, क्लेम एवं बीमा कंपनी के अधिवक्तागण तथा बैंक एवं फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों के साथ हुई।

बैठक की अध्यक्षता सरोज नंद दास, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा ने की। इस अवसर पर देवेन्द्र कुमार, प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, साक्षी दीक्षित, द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तथा स्वर्णलता ओम यादव, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा उपस्थित रहीं।

ये भी पढ़े :अंबिकापुर में महुआ शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़! 8 भट्ठियों पर चल रहा था कारोबार, 480 किलो लाहन जब्त

बैठक में अध्यक्ष द्वारा आर्बिट्रेशन, क्लेम एवं बीमा कंपनी से संबंधित लंबित प्रकरणों में पक्षकारों के साथ प्री-सिटिंग आयोजित कर आपसी सुलह एवं समझौते के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के संबंध में चर्चा की गई। संबंधित अधिवक्ताओं से लंबित प्रकरणों में पक्षकारों से संवाद स्थापित कर लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने कहा गया।

इसी प्रकार बैंक एवं फाइनेंस कंपनियों के अधिकारियों से अधिक से अधिक प्री-लिटिगेशन प्रकरणों को नेशनल लोक अदालत के लिए प्रस्तुत करने के संबंध में चर्चा की गई। अधिकारियों को प्रकरणों का समय-सीमा में प्रस्तुतिकरण एवं पंजीयन, पक्षकारों को नोटिस की तामिली तथा पक्षकारों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में राजीनामा एवं समझौता कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने कहा गया।

बैठक में नेशनल लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों का आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर निराकरण कर पक्षकारों को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर आर्बिट्रेशन, क्लेम एवं बीमा कंपनियों के अधिवक्तागण तथा बैंक एवं फाइनेंस कंपनी के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *