स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 14 अगस्त को निकलेगी भव्य स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा यात्रा

Spread the love

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व के उपलक्ष्य में जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 14 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3 बजे जय स्तम्भ चौक स्थित मुख्य मंच से होगा। स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा यात्रा जय स्तम्भ चौक से प्रारंभ होकर रेस्ट हाउस, सिग्नल चौक, प्रताप चौक एवं भारत माता चौक होते हुए पुनः जय स्तम्भ चौक पहुंचकर सम्पन्न होगी। यात्रा के दौरान प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों और उत्साह के साथ आगे बढ़ेंगे। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे तथा देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करना है।

यह आयोजन ‘हर घर तिरंगा’ अभियान तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से आम नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा। स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा यात्रा में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इसमें महिला-पुरुष, बच्चे, युवा, वृद्धजन, महिला संगठन, सामाजिक संगठन, खेल संघ, खिलाड़ी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा आम नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हो सकते हैं।

ये भी पढ़े :नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण पर जोर

आयोजन को लेकर विभाग द्वारा सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है। आयोजकों ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सभी नागरिक अपने परिवार, मित्रों एवं सामाजिक संगठनों के साथ इसमें शामिल होकर ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहभागी बनें। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आयोजित होने वाली यह तिरंगा यात्रा जिले में देशभक्ति का वातावरण निर्मित करने के साथ ही युवाओं और आम नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *