बैकुंठपुर : जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना बैकुंठपुर पुलिस ने 5 किलोग्राम गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी सहित कुल 2 लाख 86 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गांजा परिवहन करने वाले युवक के साथ उसका सप्लायर भी शामिल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 की रात्रि में बैकुंठपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल से गांजे का परिवहन कर रहे आरोपी को पकड़ा। पूछताछ एवं कार्रवाई के दौरान गांजा सप्लाई करने में संलिप्त दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों की पहचान अनिल साहू उर्फ छोटू (22 वर्ष), पिता स्वर्गीय देवनारायण साहू तथा निर्मल बहादुर सोनी (46 वर्ष), पिता स्वर्गीय देव बहादुर सोनी, दोनों निवासी ग्राम बरबसपुर, थाना पोड़ी, जिला एमसीबी के रूप में हुई है।
2.86 लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये है, परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 16 CV 3899 (कीमत 30 हजार रुपये), एक मोबाइल फोन (कीमत 5 हजार रुपये) तथा 1 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2 लाख 86 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में थाना बैकुंठपुर में अपराध क्रमांक 352/2026 के तहत धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
गांजा तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। परिवहन करने वाले आरोपी के साथ सप्लायर की गिरफ्तारी से अवैध मादक पदार्थों की आपूर्ति के नेटवर्क पर कार्रवाई का संकेत मिला है।




