नशे की लत, बिरयानी की चाह और फिर कत्ल! रायगढ़ बस स्टैंड हत्याकांड में 5 आरोपी पकड़े गए

Spread the love

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सारंगढ़ ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, पांच दोस्तों ने कथित तौर पर बिरयानी खाने और नशे के लिए पैसे जुटाने के इरादे से लूट की योजना बनाई थी। बस स्टैंड पर सो रहे व्यक्ति की जेब से रुपये निकालने की कोशिश के दौरान वह जाग गया और विरोध करने लगा। इसी दौरान एक नाबालिग ने कथित तौर पर बटन चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मृतक की जेब से मिले 700 रुपये आरोपियों ने आपस में बांट लिए।

बस स्टैंड के पास मिला था अज्ञात व्यक्ति का शव

पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की सुबह जूटमिल थाने को बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, जूटमिल पुलिस की टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य जुटाए गए।

प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी गई। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को हत्यात्मक प्रकृति का बताया गया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच तेज कर दी।

ये भी पढ़े :कोरबा में 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या, कटघोरा में कैंडल मार्च; आरोपी को फांसी देने की मांग

CCTV फुटेज से मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि घटना के दिन 15 से 16 वर्ष की उम्र के कुछ लड़कों को इलाके में देखा गया था। संदिग्धों के हुलिए के आधार पर शहर के अलग-अलग इलाकों में दबिश दी गई।

पुलिस ने एक 19 वर्षीय युवक और चार नाबालिगों को पकड़ा। पूछताछ में उनके कथित तौर पर वारदात में शामिल होने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है।

नशे के लिए करते थे चोरी और लूटपाट

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर नशे के आदी हैं और नशे का सामान खरीदने के लिए रुपये जुटाने के उद्देश्य से चोरी और लूटपाट करते थे। पुलिस के मुताबिक, वे कबाड़ चोरी करने के साथ शराब के नशे में रहने वाले लोगों को भी निशाना बनाते थे।

आरोप है कि रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे स्थानों पर रात के समय अकेले आने-जाने वाले लोगों तथा बुजुर्गों से लूटपाट की जाती थी। इसी क्रम में बस स्टैंड पर सो रहे व्यक्ति को निशाना बनाया गया। लेकिन व्यक्ति के जागने और विरोध करने पर मामला हिंसक हो गया और उसकी हत्या कर दी गई।

एक युवक गिरफ्तार, चार नाबालिग पकड़े गए

पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय राजेश्वर सारथी उर्फ समारू और चार नाबालिगों को पकड़ा है। आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल बटन चाकू, रक्तरंजित कपड़े और एक बाइक जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *