रायगढ़ में अवैध धान भंडारण पर प्रशासन का छापा, खरसिया में 46 क्विंटल धान पकड़ा

Spread the love

रायगढ़ :  खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में खरसिया क्षेत्र में राजस्व और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 46 क्विंटल धान का अवैध भंडारण पकड़ा है। दोनों मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले के विभिन्न तहसील क्षेत्रों में गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान भंडारण स्थलों की जांच कर रही हैं। इस अभियान का उद्देश्य कोचियों और बिचौलियों द्वारा अवैध धान परिवहन, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाना है।

दो स्थानों पर मिला 115 कट्टी धान

खरसिया में मंडी और राजस्व विभाग की संयुक्त जांच टीम ने निरीक्षण के दौरान कुल 115 कट्टी यानी 46 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया।

पहली कार्रवाई छपरीगंज, खरसिया निवासी विक्की अग्रवाल के यहां की गई। जांच के दौरान उनके परिसर में 45 कट्टी यानी 18 क्विंटल धान का अवैध भंडारण मिला। टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।

ये भी पढ़े :स्कूल में मासूम छात्रा के साथ शिक्षक की शर्मनाक हरकत, परिजनों की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार

काफरमार में 28 क्विंटल धान मिला

इसी तरह संयुक्त जांच दल ने खरसिया क्षेत्र के काफरमार स्थित वरुण तिवारी के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां जांच के दौरान 70 कट्टी यानी 28 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। इस मामले में भी संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

कोचियों और बिचौलियों पर प्रशासन की नजर

जिला प्रशासन की ओर से समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिलेभर में निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों की टीमें धान के भंडारण, परिवहन और व्यापार से जुड़े स्थानों का निरीक्षण कर रही हैं।

प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था में कोचियों और बिचौलियों के जरिए किसी तरह की अनियमितता न हो। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *