Amla Navami Vrat Katha: आंवला नवमी को अक्षय नवमी और कूष्मांड नवमी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और आंवले के वृक्ष की पूजा का विशेष विधान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जो कोई भी इस पवित्र दिन पर आंवले के पेड़ का पूजन करता है, उसे उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। कहा जाता है कि इस दिन किए गए तप, जप और दान आदि का पुण्य कभी समाप्त नहीं होता। इस पावन अवसर पर कई श्रद्धालु व्रत भी रखते हैं। यदि आपने भी यह शुभ व्रत रखा है तो पूजा के समय इन दो कथाओं का श्रवण अवश्य करें।
आंवला नवमी की कथा
ऐसी मान्यता है कि आंवला नवमी पर आंवले के पेड़ के नीचे पूजा और भोजन करने की प्रथा माता लक्ष्मी ने शुरू की थी। एक पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार माता लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करने के लिए निकली थीं। धरती पर आकर माता लक्ष्मी के मन में भगवान विष्णु और शिवजी की एक साथ पूजा करने की इच्छा प्रकट हुई। ऐसे में माता विचार करने लगीं कि भगवान विष्णु और शिवजी की पूजा एक साथ कैसे की जा सकती है। तब उनके मन में विचार आया कि तुलसी भगवान विष्णु को और बेल शिवजी को अति प्रिय है और इन दोनों की गुणवत्ता एक साथ आंवले के पेड़ में ही पाई जाती है।
उसके बाद माता लक्ष्मी ने आंवले के पेड़ की पूजा करने का निश्चय किया। मां लक्ष्मी की भक्ति और पूजा से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु और शिवजी प्रकट हुए। जिसके बाद लक्ष्मी माता ने आंवले के पेड़ के नीचे भोजन तैयार किया और उसे श्री विष्णु और भगवान शिव को परोसा। इसके बाद इस भोजन को माता ने स्वयं भी प्रसाद रूप मे ग्रहण किया। कहते हैं जिस दिन ये घटना हुई थी उस दिन कार्तिक शुक्ल नवमी की तिथि थी। कहते हैं तब से ही इस दिन आंवले के पेड़ की पूजा शुरू हो गई। मान्यताओं के अनुसार, इस शुभ दिन पर जो कोई महिला आंवले के पेड़ की पूजा कर अपने परिवार सहित उसके नीचे बैठकर भोजन ग्रहण करती है तो भगवान विष्णु और शिवजी उसकी सभी इच्छाएं पूर्ण करते हैं।
अक्षय नवमी की कथा
आंवला नवमी से जुड़ी एक अन्य कथा के अनुसार, एक सेठ ब्राह्मणों को आंवले के पेड़ के नीचे बैठाकर भोजन कराया करते थे। लेकिन यह सब देख सेठ के पुत्रों को अच्छा नहीं लगता था और वे अक्सर अपने पिता से इसे लेकर झगड़ा किया करते थे। रोज-रोज के क्लेश से तंग आकर सेठ जी दूसरे गांव में रहने चले गये। जीवनयापन के लिए उन्होंने वहां एक दुकान लगाई और साथ ही दुकान के आगे सेठ ने एक आंवले का पेड़ भी लगाया। भगवान की कृपा कुछ ऐसी हुई की उनकी दुकान खूब चलने लगी। सेठ जी ने यहां भी अपना नियम नहीं छोड़ा और वे आंवला नवमी का व्रत-पूजन निरंतर करते रहे और ब्राह्मणों को भोजन कराकर दान-पुण्य के कर्म भी करते रहे। वहीं दूसरी ओर सेठ के पुत्रों का व्यापार ठप होता चला गया। उनके बेटों को समझ आ गया कि वो अपने पिता के भाग्य से ही खाते थे। जब उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ तो वे अपने पिता के पास गए और उनसे अपनी गलती की माफी मांगने लगे। फिर पिता के कहे अनुसार उन्होंने आंवले के पेड़ की पूजा करना और दान करना शुरू किया। इसके प्रभाव से सेठ के बेटों का जीवन भी सुख से भर गया।



