बेमेतरा टेकेश्वर दुबे: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में बकरी चोरी के दो मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिलासपुर के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर साथियों के साथ मिलकर दो गांवों से कुल 29 बकरियां चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी से चोरी की 5 बकरियां, वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा एक्सयूवी-500, लोहे का सब्बल और मोबाइल फोन सहित करीब 3 लाख 26 हजार रुपये का सामान जब्त किया था। गिरोह का एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश कुमार यादव तथा एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली बेमेतरा और चौकी देवरबीजा की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
दो गांवों से चुराई गई थीं 29 बकरियां
पुलिस के मुताबिक, पहला मामला ग्राम पदमी का है। यहां 25 जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने देवराम यादव के घर के कोठे की दीवार तोड़कर 9 बकरियां और 5 बकरे, कुल 14 पशु चोरी कर लिए थे। इनकी कीमत करीब 49 हजार रुपये बताई गई। इस मामले में उत्तम यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
दूसरा मामला बेमेतरा के मानपुर गांव का है। यहां 12 अप्रैल 2026 की रात घर के कोठे की ईंट की दीवार तोड़कर 15 बकरियां चोरी कर ली गई थीं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये थी। महेंद्र यादव की शिकायत पर इस मामले में भी समान धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
महिंद्रा SUV से वारदात को देते थे अंजाम
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मनीष कुमार पटेल (25 वर्ष), निवासी बिलासपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, उसने अपने साथियों साबिर खान, निजाम उर्फ राजा खान और मुकेश यादव के साथ मिलकर दोनों घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिंद्रा एक्सयूवी-500 क्रमांक CG 10 N 7266 से बिलासपुर से बेमेतरा पहुंचते थे। 25 जुलाई की रात ग्राम पदमी में आरोपियों ने सब्बल से कोठे की दीवार में छेद कर अंदर प्रवेश किया और 14 बकरियां-बकरे चोरी कर वाहन में भरकर बिलासपुर ले गए। इसी तरह अप्रैल में मानपुर से भी 15 बकरियां चोरी करने की बात सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए पशुओं को अज्ञात व्यक्ति को बेचकर मिली रकम आपस में बांट ली गई थी। मनीष ने अपने हिस्से के 10 हजार रुपये खर्च करने की बात बताई थी।
3.26 लाख रुपये का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी मनीष कुमार पटेल के कब्जे से चोरी के 5 बकरी-बकरे, जिनकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है, एक लोहे का सब्बल, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा एक्सयूवी-500 जब्त की थी। जब्त वाहन की अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल जब्ती करीब 3 लाख 26 हजार रुपये की हुई।
मनीष को 5 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया था। इसके बाद पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
जेल में बंद दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मामले के अन्य आरोपी साबिर खान (26 वर्ष) और मुकेश यादव (30 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम चिल्हाटी, जिला बिलासपुर, जांजगीर-चांपा जिला जेल में निरुद्ध हैं। इसके बाद न्यायालय से अनुमति लेकर दोनों को प्रोडक्शन वारंट पर बेमेतरा लाया गया।
पूछताछ में दोनों ने मनीष पटेल और अन्य साथियों के साथ मिलकर ग्राम पदमी से 14 बकरियां चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने साबिर खान और मुकेश यादव को 4 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में फरार एक अन्य आरोपी निजाम उर्फ राजा खान की तलाश जारी है।
संयुक्त पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, सहायक उप निरीक्षक दीनानाथ सिन्हा, प्रधान आरक्षक अनंत कोठारी और अवधेश सिंह तथा आरक्षक मुकेश कुमार चंद्रवंशी और रोशन वर्मा सहित सिटी कोतवाली बेमेतरा एवं चौकी देवरबीजा की संयुक्त टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




