सक्ती में 11 सितंबर को बड़ा आयोजन, शिवराज सिंह चौहान होंगे मुख्य अतिथि; विजय शर्मा ने तैयारियों का लिया जायजा

Spread the love

सक्ती : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में आगामी 11 सितंबर को होने वाले बड़े कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन प्रस्तावित है। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ग्राम जेठा पहुंचे और अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।

कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सबसे पहले कार्यक्रम के लिए तैयार किए गए रूट मैप का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने मुख्य मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, पार्किंग और सुरक्षा समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उन्होंने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ सहित संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को खासतौर पर कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

ये भी पढ़े :पत्रकारिता में सत्य को सामने लाना लक्ष्य हो: राज्यपाल रमेन डेका, AI एवं मीडिया रिसर्च सेंटर और सावित्रीबाई फुले कन्या छात्रावास का किया शुभारंभ

VIP से आम लोगों तक, सुरक्षा और सुविधा पर जोर

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री ने मुख्य मंच, टेंट एवं पंडाल, दर्शक दीर्घा, पत्रकार दीर्घा, अतिथियों एवं आमजनों की बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, बायो टॉयलेट, बैरिकेडिंग, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की स्थिति देखी।

उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक व्यवस्था की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी और आम लोगों के प्रवेश एवं निकासी को व्यवस्थित रखने, पर्याप्त पार्किंग उपलब्ध कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, पेयजल और अन्य जरूरी मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

PM आवास से लखपति दीदी सम्मेलन तक होंगे कई कार्यक्रम

11 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम के साथ पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

जनप्रतिनिधियों से भी की मुलाकात

कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने जिले के क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यह सभी का कार्यक्रम है और इसे बेहतर एवं सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव ऋचा शर्मा, पंचायत आयुक्त तारण प्रकाश सिंहा, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, जिला पंचायत सदस्य विद्या सिदार, आयुष शर्मा, संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, कीर्तन चंद्रा, जिला अध्यक्ष टिकेश्वर गबेल सहित कलेक्टर जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर के.एस. पैंकरा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *