नई दिल्ली: पाकिस्तान से जुड़े गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर केंद्र सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। गृह मंत्रालय ने ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ (SBN) को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। गृह मंत्रालय ने बुधवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए इसकी जानकारी दी।
गृह मंत्रालय के मुताबिक, यह नेटवर्क सीमा पार से हथियारों, विस्फोटकों और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा नेटवर्क पर युवाओं और स्थानीय अपराधियों को आतंकवाद की ओर आकर्षित करने और उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाने के आरोप हैं। सरकार के अनुसार, नेटवर्क डिजिटल माध्यमों के जरिए नफरत फैलाने वाली सामग्री भी प्रसारित करता था।
मंत्रालय ने कहा कि यह नेटवर्क भारत के लोकतांत्रिक ढांचे और सांप्रदायिक सौहार्द को निशाना बनाने की कोशिशों में शामिल रहा है। केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति के तहत शहजाद भट्टी नेटवर्क को UAPA के प्रावधानों के तहत आतंकी संगठन घोषित किया है।
अगस्त में 14 राज्यों में हुई थी बड़ी कार्रवाई
शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ इससे पहले 12 अगस्त 2026 को 14 राज्यों में एक साथ बड़ी कार्रवाई की गई थी। गृह मंत्रालय के अनुसार, इस अभियान में 253 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जबकि नेटवर्क से जुड़े मामलों में 200 से अधिक गिरफ्तारियां और 80 से ज्यादा एफआईआर दर्ज होने की जानकारी दी गई थी।
इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने आईईडी, पिस्तौल, जिंदा कारतूस, विस्फोटक और पाकिस्तान ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड समेत कई सामान बरामद किए थे। अधिकारियों ने इन बरामदगियों को नेटवर्क के कथित सीमा-पार संपर्कों से जोड़कर देखा था।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, कार्रवाई में उत्तर प्रदेश में 62, हरियाणा में 52, दिल्ली में 51 और पंजाब में 44 लोगों को हिरासत में लिया गया था। राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में भी कार्रवाई हुई थी।
कौन है शहजाद भट्टी?
शहजाद भट्टी को सुरक्षा एजेंसियां पाकिस्तान से संचालित नेटवर्क से जोड़ती रही हैं। अगस्त की कार्रवाई के दौरान गृह मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियों ने उसके नेटवर्क को आईएसआई समर्थित बताया था। रिपोर्टों के मुताबिक, भट्टी भारत में कथित तौर पर स्थानीय लोगों के जरिए नेटवर्क का विस्तार करने और आपराधिक गतिविधियों को आतंकी गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश कर रहा था।
अब केंद्र सरकार द्वारा पूरे शहजाद भट्टी नेटवर्क को UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों की ओर से इस नेटवर्क से जुड़े लोगों और उसके कथित सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज होने की संभावना है।




