दुर्गा विसर्जन में DJ पर गाने को लेकर खूनी विवाद, युवक के गले पर चाकू से हमला; हालत गंभीर

Spread the love

दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई स्थित रुआबांदा इलाके में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद हिंसक हो गया। डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद मारपीट और चाकूबाजी की घटना हुई। इस दौरान महानंद नाम के युवक के गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

डीजे पर गाने को लेकर बढ़ा विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, रुआबांदा में दुर्गा विसर्जन के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया।

आरोप है कि जय और उसके नाबालिग भाई ने सागर और गणपत के साथ मारपीट की। इसी दौरान जय ने महानंद के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ये भी पढ़े :“सस्पेंड कर दूंगा तो दूसरा शिक्षक कहां से लाऊंगा?” छात्राओं की शिकायत पर क्यों भड़के बिलासपुर कलेक्टर

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

हमले में घायल महानंद को उपचार के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया। खबर लिखे जाने तक उसकी हालत गंभीर बताई गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश

एडिशनल एसपी शोभराज अग्रवाल के अनुसार, रुआबांदा में बीती रात धारदार हथियार से एक युवक को घायल किए जाने की घटना हुई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा सके। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *