CG Weather: छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई करीब, अगले 48 घंटे में बनेंगे वापसी के हालात; आज कैसा रहेगा मौसम?

Spread the love

रायपुर: छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का समय अब करीब आता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनने की संभावना है। गुरुवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा और किसी भी इलाके में उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई।

बारिश का दौर थमने के साथ ही प्रदेश के मौसम में बदलाव महसूस होने लगा है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के चलते दोपहर के समय गर्मी का असर बढ़ा है, जबकि रात में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है।

 रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 2 अक्टूबर को मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल रायपुर में बारिश की संभावना नहीं है।

 राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में राजनांदगांव 34.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ये भी पढ़े :नवरात्रि में बेटी बनकर मायके आती हैं मां दुर्गा? ‘पहिले पइयां मां दुर्गा भवानी’ भजन का जानिए सरल अर्थ

इस तरह प्रदेश में दिन और रात के तापमान के बीच काफी अंतर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई है। फिलहाल किसी भी जिले के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

कई राज्यों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा फिलहाल गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर गुजर रही है।

अगले 48 घंटों में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों के साथ गुजरात तथा मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों से मानसून की और वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से भी मानसून की वापसी के संकेत हैं।

इसी क्रम में बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से भी दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां बनने के संकेत मिल रहे हैं।

ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में और कमी आने तथा दिन के तापमान में बढ़ोतरी के साथ मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *