छठ पूजा 2026: कौन हैं छठी मइया? क्यों रखा जाता है 36 घंटे का निर्जला व्रत, जानिए महापर्व से जुड़ी 3 पौराणिक कथाएं

Spread the love

छठ पूजा को लेकर लोगों की गहरी और अटूट आस्था है। यह व्रत अत्यंत ही कठिन माना जाता है। छठ पूजा में नियम-निष्ठा और साफ-सफाई का विशेष रूप से ध्यान रखा जाता है। छठ पूजा में उपयोग होने वाली हर चीज नई होती है और प्रसाद बनाते समय भी स्वच्छता और पवित्रता का खास ख्याल रखना पड़ता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, महापर्व छठ का व्रत रखकर छठी मइया और सूर्य देव की उपासना करने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है और संतान पर आने वाला हर संकट दूर हो जाता है। संतान की लंबी आयु और उत्तम स्वास्थ्य के लिए महिलाएं  36 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं। वहीं कुछ छठ का व्रत पुरुष भी रखते हैं। तो आइए जानते हैं कि छठी मइया कौन है और छठ व्रत से जुड़ी पौराणिक कथा क्या है।

छठ पूजा से जुड़ी पौराणिक कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, राजा प्रियंवद को कोई संतान नहीं थी तब महर्षि कश्यप ने पुत्रेष्टि यज्ञ कराया। राजा ने रानी मालिनी को यज्ञ आहुति के लिए बनाई गई खीर दी। इसके प्रभाव से उन्हें एक पुत्र रत्न की प्राप्ति तो हुई लेकिन वह बच्चा मरा हुआ पैदा हुआ। प्रियंवद अपने मृत्य पुत्र के शरीर को लेकर श्मशान ले गया और पुत्र वियोग में अपने भी प्राण त्यागने लगा। तभी भगवान की मानस कन्या देवसेना प्रकट हुई। उन्होंने प्रियंवद से कहा कि सृष्टि की मूल प्रवृत्ति के छठे अंश से उत्पन्न होने के कारण मैं षष्ठी कहलाती हूं। हे राजन! तुम मेरा पूजन करो और दूसरों को भी प्रेरित करो। राजा ने पुत्र इच्छा से सच्चे मन से देवी षष्ठी का व्रत किया और उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। यह पूजा कार्तिक शुक्ल षष्ठी को हुई थी। तब से लोग संतान प्राप्ति के लिए छठ पूजा का व्रत करते हैं।

ये भी पढ़े :आज का लव राशिफल 13 नवंबर 2026: कन्या, तुला और कुंभ समेत इन राशियों की लव लाइफ में बढ़ेगा रोमांस, धनु-मीन रहें सतर्क

छठ पूजा से जुड़ी दूसरी कथा
पौराणिक कथाओं के मुताबिक, छठ पर्व की शुरुआत महाभारत काल से हुई थी। सूर्य पुत्र कर्ण भगवान भास्कर के परम भक्त थे, वे हर दिन जल में खड़े होकर उन्हें अर्घ्य देते थे। कर्ण प्रतिदिन पानी में घंटों तक खड़े रहते थे। कहते हैं तब से ही छठ मनाने की परंपरा शुरू हुई। भगवान सूर्य देव की कृपा से कर्ण एक महान योद्धा बन पाए थे।

छठ पूजा से जुड़ी तीसरी कथा
धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, जब पांचों पांडव कौरवों से जुए में अपना सारा राज-पाठ हार गए थे तब द्रौपदी ने छठ व्रत किया था। छठी मईया और सूर्यदेव के आशीर्वाद से पांडवों को अपना राजपाठ वापस मिल गया था। छठ व्रत करने से परिवार में खुशहाली और संपन्नता बनी रहती है।

कौन हैं छठी मइया?
छठी मइया की पूजा करने से संतान दीर्घायु होते हैं और उनका जीवन सदैव खुशियों से भरा रहता है। छठी मइया को सूर्य देव की बहन माना जाता है। इसलिए छठ पूजा में भगवान सूर्य देव के साथ छठी मइया की पूजा की जाती है। आपको बता दें कि जब किसी बच्चे का जन्म होता है तो 6 दिन बाद बच्चे की छठी यानी छठिहार किया जाता है। मान्यता है कि इस 6 दिन के दौरान छठी मइया नवजात बच्चे के पास रहती हैं और उसपर अपनी कृपा बरसाती हैं। छठी मइया बच्चों की रक्षा करने वाली देवी मानी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *