बालोद में कार के अंदर मिला चिट्टा और देशी पिस्टल, 11.83 लाख का सामान जब्त; एक गिरफ्तार

Spread the love

बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नया बस स्टैंड के पीछे खड़ी टाटा हेक्सा कार की तलाशी के दौरान करीब 6.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक देशी पिस्टल बरामद की। कार्रवाई में मोबाइल फोन और कार सहित कुल 11 लाख 83 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 28 अक्टूबर की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। सूचना थी कि नया बस स्टैंड बालोद के पीछे सफेद रंग की टाटा हेक्सा कार (क्रमांक CG 17 KM 4455) खड़ी है। कार में चालक की सीट पर मौजूद व्यक्ति के पास हेरोइन और देशी पिस्टल होने की जानकारी मिली थी।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची ANTF की टीम

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना और एसडीओपी बालोद विनय साहू के मार्गदर्शन में जिले में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और ANTF की टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। वहां कार की चालक सीट पर एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू (25 वर्ष), पिता सुनील बंसोड़, निवासी वार्ड क्रमांक 21, रेलवे कॉलोनी, जिला बालोद बताया।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ में EOW-ACB का बड़ा एक्शन, रायपुर से कोरबा तक डेढ़ दर्जन ठिकानों पर छापेमारी

डैशबोर्ड से निकली हेरोइन और पिस्टल

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डैशबोर्ड के अंदर पारदर्शी झिल्ली में रखी हेरोइन और एक देशी पिस्टल मिली। मादक पदार्थ का नियमानुसार परीक्षण और तौल करने पर उसका वजन करीब 6.40 ग्राम पाया गया।

पुलिस के मुताबिक, पिस्टल के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद हेरोइन और हथियार को जब्त कर लिया गया।

11.83 लाख रुपये की सामग्री जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने निम्न सामग्री जब्त की है—

हेरोइन (चिट्टा): करीब 6.40 ग्राम, अनुमानित कीमत 1,28,000 रुपये

देशी पिस्टल: अनुमानित कीमत 50,000 रुपये

आईक्यू कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल: अनुमानित कीमत 5,000 रुपये

टाटा हेक्सा कार: अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये

इस तरह जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 11 लाख 83 हजार रुपये बताई गई है।

NDPS और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज

पुलिस ने आरोपी लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू के खिलाफ बालोद थाना में NDPS एक्ट की धारा 22(ख) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ और हथियार से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

ANTF टीम की रही भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, आरक्षक बनवाली साहू, चुलेन्द्र कुर्रे, भूपेश साहू और संजय सोनी सहित ANTF बालोद की टीम शामिल रही।

बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार या गैरकानूनी हथियारों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *