छत्तीसगढ़ में अब बढ़ेगी ठंड, अगले 3 दिनों में 2 से 3 डिग्री तक गिरेगा पारा; जानें रायपुर में धनतेरस पर कैसा रहेगा मौसम

Spread the love

रायपुर :  छत्तीसगढ़ में पोस्ट मानसून सीजन के दौरान हुई बारिश का असर अब मौसम पर दिखाई देने लगा है। नवंबर की शुरुआत बारिश के साथ हुई, लेकिन अब प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के संकेत हैं। मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में गिरावट का दौर शुरू होने की संभावना है। आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ सकता है। राजधानी रायपुर में सुबह के वक्त हल्के कोहरे की स्थिति भी देखने को मिल रही है।

प्रदेश में बारिश की गतिविधियां होंगी कमजोर

मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई हैं। पूर्वी तेलंगाना और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सरायपाली में 3 सेंटीमीटर और कोंटा में 2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। तापमान की बात करें तो रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

धनतेरस पर रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

धनतेरस के दिन राजधानी रायपुर में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शहर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ऐसे में त्योहार के दौरान बारिश की संभावना कम रहने से खरीदारी और अन्य गतिविधियों में मौसम बाधा नहीं बनेगा।

अगले तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री तक गिरेगा पारा

मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना भी जताई है। हालांकि, इसके बाद मौसम शुष्क होने के आसार हैं। अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

तापमान में गिरावट के साथ ही प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगेगा। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ के इलाकों में रात के समय ठंड अधिक महसूस हो सकती है। वहीं, रायपुर समेत मैदानी क्षेत्रों में भी सुबह और देर रात हल्की ठिठुरन बढ़ने के संकेत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *