सक्ती में कलेक्टर जयश्री जैन की सख्ती: CM हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करें अधिकारी

Spread the love

सक्ती  : नवपदस्थ कलेक्टर जयश्री जैन ने आज कलेक्टोरेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभाग अंतर्गत लंबित समय सीमा के प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी विभागीय अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओ और कार्यो का विभागीय स्तर पर भी नियमित रूप से समीक्षा करते हुए आमजन को ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी कर्मचारी शासकीय कार्यों के सुचारू एवं प्रभावी संचालन के लिए नियमित रूप से कार्यालयीन समय और कार्यो का पालन सुनिश्चित करें। शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए योजना के निर्धारित लक्ष्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा नागरिको तक पहुंचाने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने कहा कि योजना के लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारी पूरी गंभीरता एवं निरंतरता के साथ कार्य करें तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर ने जिला अंतर्गत संचालित सभी छात्रावास और आश्रम के लिए स्वीकृत भवन जीर्णोद्धार, अनुरक्षण, मरम्मत कार्य, आहाता निर्माण व शौचालय मरम्मत आदि कार्यो को बिना किसी भी प्रकार का विलंब किये जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए है।

कलेक्टर श्रीमती जैन ने बैठक में वर्तमान मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन, जलजनित रोगों की रोकथाम, जाति प्रमाण पत्र के कार्य, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 एवं सेवा सेतु एप के प्रकरणों सहित अन्य विभिन्न आवश्यक विषयों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिये है। बैठक में कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री के कार्यो की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ पंजीयन कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों के हित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत खसरों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक नोडल अधिकारी एवं राजस्व विभाग को कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय-सीमा में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए योजना के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए जिले में जल जीवन मिशन का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों को गणवेश, पाठ्य पुस्तक एवं साइकिल वितरण की समीक्षा की। कलेक्टर ने किचन गार्डन की प्रगति की समीक्षा करते हुए इस दिशा में प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किचन गार्डन के माध्यम से पोषण एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित किया जाए।समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को ई-ऑफिस अंतर्गत विभागीय कार्यों का संचालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने कहा।

ये भी पढ़े :बुखार को सामान्य वायरल समझने की भूल न करें! दिल्ली में बढ़ा H1N1 का खतरा, जानें स्वाइन फ्लू के खास लक्षण

बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत एचपीवी वैक्सिनेशन, निक्षय पोषण योजना, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट आदि की जानकारी ली। उन्होंने पंचायत विभाग अंतर्गत कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए सामुदायिक शौचालय की जानकारी वित्तीय वर्ष के अनुसार उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने सेवा सेतु एप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन अंतर्गत विभिन्न विभागों में निराकरण हेतु शेष आवेदनों का विभागवार विस्तृत समीक्षा किया। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सीएम हेल्पलाईन के अंतर्गत प्राप्त आवेदनो का निर्धारित समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए है।

बैठक में कलेक्टर द्वारा लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरणों, आयुष्मान योजना, पीएम आवास योजना शहरी सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित नामांतरण, अविवादित नामांतरण, विवादित खाता विभाजन, अविवादित खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिये गए। साथ ही विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर के एस पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल,संयुक्त कलेक्टर अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *