छठ पूजा से पहले रेण नदी घाट पहुंचीं कलेक्टर रेना जमील, सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक के इंतजामों का लिया जायजा

Spread the love

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात, पार्किंग, विद्युत, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

गोताखोरों की तैनाती सहित घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के दिए निर्देश

सूरजपुर : सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रेण नदी स्थित छठ घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा समिति के सदस्यों से चर्चा कर पर्व के आयोजन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

ये भी पढ़े :न पंडित, न फेरे और न मंत्रोच्चार… अनिरुद्ध-काव्या ने इस अंदाज में रचाई शादी, मंगलसूत्र की रस्म ने खींचा ध्यान

उन्होंने घाटों एवं पूजा स्थलों पर सुरक्षा के लिए नगर सैनिकों एवं पुलिस बल की तैनाती, मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग, सुचारू यातायात के लिए आवागमन मार्ग निर्धारित करने तथा पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए।उन्होंने घाटों पर विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य टीम की तैनाती और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा। साथ ही जलाशय में सुरक्षा की दृष्टि से गोताखोरों की तैनाती तथा श्रद्धालुओं की निगरानी के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सहज, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद सूरजपुर के उपाध्यक्ष  शैलेष अग्रवाल, एसडीएम श्री प्रशांत कुशवाहा, नगर पुलिस अधीक्षक श्री विशाल गर्ग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं छठ पूजा समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *