धमतरी में चंगाई सभा को लेकर बवाल, धर्मांतरण के आरोपों पर हिंदू जागरण मंच का प्रदर्शन; पुलिस तैनात

Spread the love

धमतरी :  शहर में चंगाई सभा को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। टिकरापारा इलाके में एक आवासीय मकान में प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने के विरोध में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। संगठन ने सभा की आड़ में धर्मांतरण कराने और लोगों को बहला-फुसलाकर बुलाने का आरोप लगाया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान इलाके में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। हिंदू जागरण मंच के मुताबिक, टिकरापारा स्थित एक मकान में प्रार्थना सभा हो रही थी, जिसमें करीब 25 लोग शामिल हुए थे। संगठन का दावा है कि सभा में शामिल सभी लोग हिंदू थे। इसकी जानकारी मिलने के बाद मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते वहां नारेबाजी होने लगी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

आवासीय मकान में सभा को लेकर उठाए सवाल

हिंदू जागरण मंच ने सवाल उठाया है कि आवासीय मकान में इस तरह की सभा किस अनुमति और नियम के तहत आयोजित की जा रही थी। संगठन का आरोप है कि सभा में लोगों को बहला-फुसलाकर बुलाया जा रहा है और धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। मंच ने प्रशासन पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।

संगठन का कहना है कि अगर जिला प्रशासन पहले ही सक्रियता दिखाता तो मामला यहां तक नहीं पहुंचता। मंच ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

ये भी पढ़े :घर पहुंचने से पहले राख हो गई महीनों की मेहनत, धान से भरी ट्रॉली में लगी भीषण आग

मकान मालिक को पुलिस ने दोबारा दिया नोटिस

विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई भी सामने आई है। जिस मकान में प्रार्थना सभा होने की बात कही जा रही है, वह आलोक मजूमदार का बताया गया है। पुलिस ने मकान मालिक को नोटिस जारी किया है। मिली जानकारी के मुताबिक, इससे पहले भी पुलिस की ओर से नोटिस दिया गया था, लेकिन मकान मालिक ने उसका जवाब नहीं दिया था।

अब हिंदू जागरण मंच के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने एक बार फिर मकान मालिक को नोटिस दिया है। हालांकि, प्रार्थना सभा को लेकर लगाए गए धर्मांतरण के आरोपों की पुष्टि और मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

फिलहाल इस पूरे मामले ने धमतरी में धार्मिक गतिविधियों और आवासीय इलाकों में आयोजित होने वाली सभाओं को लेकर बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि पुलिस और जिला प्रशासन नोटिस के जवाब के आधार पर क्या कदम उठाते हैं और हिंदू जागरण मंच की चेतावनी के बाद मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *