22 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था स्थायी वारंटी, साप्ताहिक बाजार में दबोचा गया सुखराम

Spread the love

दंतेवाड़ा :  जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटेकल्याण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वर्ष 2004 से फरार चल रहे स्थायी वारंटी आरोपी सुखराम उर्फ डेगो को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब 22 वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आकांक्षा ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले में स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के दौरान कटेकल्याण थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना कुआकोण्डा के अपराध क्रमांक 12/2004, धारा 324 भादवि का स्थायी वारंटी सुखराम उर्फ डेगो, उम्र करीब 60 वर्ष, निवासी मंझारपारा, ग्राम कटेकल्याण, साप्ताहिक बाजार में मौजूद है।

ये भी पढ़े :रायपुर सदर बाजार में आधी रात भरभराकर गिरी जर्जर इमारत, तेज DJ की आवाज के बीच मचा हड़कंप; टला बड़ा हादसा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए कार्रवाई की और कटेकल्याण साप्ताहिक बाजार स्थित मुर्गा बाजार के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया गया है कि वर्ष 2004 में अपराध दर्ज होने के बाद से सुखराम लगातार फरार चल रहा था। करीब दो दशक से अधिक समय तक पुलिस से बचने के बाद आखिरकार वह कटेकल्याण के साप्ताहिक बाजार में पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

गिरफ्तार आरोपी को 12 सितंबर 2026 को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी न्यायालय, दंतेवाड़ा के समक्ष पेश किया जा रहा है।

दंतेवाड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *