रायपुर में दशहरा-विसर्जन की तैयारी तेज, खारून नदी में मूर्ति विसर्जन पर रोक; जानें कहां होगा रावण दहन

Spread the love

रायपुर:  राजधानी रायपुर में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए खारून नदी में प्रतिमाओं के सीधे विसर्जन पर प्रतिबंध लगाया गया है। श्रद्धालुओं को नदी के पास बनाए गए निर्धारित विसर्जन कुंड में ही प्रतिमाएं विसर्जित करनी होंगी। नगर निगम के अनुसार, शाम 7 बजे तक महादेव घाट के पास स्थित विसर्जन कुंड में 30 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका था।

वहीं, 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व पर राजधानी में छह से अधिक स्थानों पर रावण दहन के आयोजन होंगे। विसर्जन और दशहरा कार्यक्रमों के दौरान सफाई, रोशनी, अग्निशमन और चिकित्सा सुविधाओं सहित जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों की समिति गठित की है। समिति को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों का पालन कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

रायपुर में इन स्थानों पर होगा रावण दहन

दशहरा के अवसर पर शहर में रावण दहन के प्रमुख आयोजन रावणभाठा और डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में होंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ नगर, चौबे कॉलोनी, राजेंद्र नगर, शंकर नगर और रामकुंड स्थित स्वामी विवेकानंद आश्रम के पास भी रावण दहन किया जाएगा।

नगर निगम ने सभी आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, अग्निशमन वाहन और पहुंच मार्गों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को आयोजन से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने को कहा गया है, ताकि कार्यक्रमों के दौरान लोगों को असुविधा न हो।

ये भी पढ़े :ग्रामीणों को संपत्ति का अधिकार दिलाने में धमतरी प्रदेश में नंबर-1, 50 हजार से अधिक परिवारों को मिले दस्तावेज

खारून नदी में प्रतिमा विसर्जन पर प्रतिबंध

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन खारून नदी में सीधे नहीं किया जा सकेगा। इसके लिए महादेव घाट के पास निर्धारित विसर्जन कुंड बनाया गया है। श्रद्धालुओं को प्रतिमाओं के साथ लाई गई पूजन सामग्री अलग करके तय स्थान पर रखनी होगी।

विसर्जन के बाद कुंड में जमा मलबा, बांस-बल्लियां और अन्य सामग्री 24 घंटे के भीतर हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य जल प्रदूषण को रोकना और नदी के पर्यावरण को नुकसान से बचाना है।

ध्वनि और वायु प्रदूषण पर भी रहेगी निगरानी

दशहरा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान ध्वनि एवं वायु प्रदूषण को नियंत्रित रखने के लिए नगर निगम जिला प्रशासन और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के साथ समन्वय करेगा। संबंधित अधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने और आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।

नगर निगम ने बनाई अधिकारियों की समिति

दशहरा आयोजन और विसर्जन कुंड की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए गठित समिति में अपर आयुक्त विनोद पांडेय, उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव सिंह बाबरा, जोन-2 के कमिश्नर संतोष पांडेय, जोन-5 के कमिश्नर राकेश शर्मा और जोन-6 की कमिश्नर प्रीति सिंह सहित इंजीनियरिंग और जल विभाग के अधिकारी शामिल हैं।

समिति विसर्जन स्थल पर शामियाना, रोशनी, माइक, अग्निशमन वाहन और चिकित्सा सुविधा जैसी व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी। नगर निगम का जोर है कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दशहरा आयोजनों के दौरान नागरिक सुविधाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण के निर्देशों का भी पालन हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *