चक्रधर समारोह में पहुंचे वित्त मंत्री ओपी चौधरी, दर्शक दीर्घा में बैठकर देखा कलाकारों का रंगारंग प्रदर्शन; बस्तर के कलाकारों को ₹51 हजार

Spread the love

रायगढ़ :  अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह में गुरुवार को कला और संस्कृति का शानदार संगम देखने को मिला। समारोह के चौथे दिन प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने दर्शक दीर्घा में बैठकर विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कलाकारों का सम्मान कर उनका उत्साह बढ़ाया।

समारोह के दौरान जाह्नवी बेहरा की ओडिसी प्रस्तुति, बेंगलुरु की शिवरंजनी हरीश और बस्तर एकेडमी ऑफ डांस, आर्ट्स एंड लिटरेचर के ‘बादल’ दल सहित कई कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ रहा चक्रधर समारोह

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि चक्रधर समारोह ने रायगढ़ से निकलकर देश-प्रदेश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके अनुसार, यह आयोजन महज सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को देश की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।

उन्होंने रायगढ़ में कला के प्रति लोगों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि शहर के अलग-अलग मोहल्लों में छोटे-छोटे स्थानों पर बड़ी संख्या में बच्चे कथक और अन्य शास्त्रीय कलाओं का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने इन कला साधकों के साथ-साथ उनके गुरुओं के योगदान को भी सराहा।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, आज से बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट; जानें रायपुर का हाल

बस्तर के कलाकारों के लिए ₹51 हजार की अतिरिक्त सम्मान राशि

समारोह में बस्तर से पहुंचे कलाकारों की प्रस्तुति को विशेष रूप से सराहा गया। ओपी चौधरी ने कहा कि बस्तर की कला और संस्कृति का रायगढ़ के प्रतिष्ठित मंच पर प्रदर्शन दोनों क्षेत्रों के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने बस्तर से अपने पुराने जुड़ाव का भी उल्लेख किया। इसी दौरान वित्त मंत्री ने बस्तर से आए कलाकारों के लिए अपनी ओर से ₹51 हजार की अतिरिक्त सम्मान राशि देने की घोषणा की।

आयोजन से जुड़े कलाकारों और सहयोगियों का जताया आभार

वित्त मंत्री ने चक्रधर समारोह को सफल बनाने में योगदान देने वाले कलाकारों, गुरुओं, आयोजकों, प्रशासन और अन्य सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा।

उन्होंने रायगढ़ को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयासों के साथ आगे बढ़ने की बात कही।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, गुरुपाल भल्ला सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में कलाप्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *