अमित जोगी के खिलाफ FIR की मांग, भाजपा नेताओं ने सिविल लाइन थाने में सौंपी शिकायत

Spread the love

रायपुर : जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी से जुड़े एक सोशल मीडिया वीडियो को लेकर प्रदेश की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से संबंधित कथित आपत्तिजनक दृश्यों को लेकर भाजपा नेताओं ने विरोध जताया है। रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सिविल लाइन थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत सौंपकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

भाजपा नेताओं ने शिकायत में वीडियो तैयार करने, उसकी पटकथा लिखने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

राजेश मूणत ने वीडियो को बताया निंदनीय

थाने पहुंचे विधायक राजेश मूणत ने कहा कि अमित जोगी की ओर से प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जिस तरह का वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा किया गया है, वह निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो में बेडरूम के दृश्य दिखाकर संबंधित व्यक्तियों की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

ये भी पढ़े  :CG Weather Alert: चक्रवात मुरासु का छत्तीसगढ़ में असर, रायपुर में झमाझम बारिश; 10 जिलों में अलर्ट

मूणत ने कहा कि राजनीति में सिद्धांतों और विचारों के आधार पर विरोध होना चाहिए। अपनी बात रखने के लिए लोकतांत्रिक तरीके और मर्यादा का पालन जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोध के नाम पर इस तरह के दृश्य प्रस्तुत करना उचित नहीं है।

24 घंटे का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो फिर थाने पहुंचेंगे कार्यकर्ता

भाजपा नेताओं ने पुलिस से वीडियो के पीछे शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। राजेश मूणत ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि वीडियो की पटकथा तैयार करने और उसे बनाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं होती है, तो भाजपा कार्यकर्ता दोबारा थाने पहुंचेंगे। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से की जाने वाली कार्रवाई पर सबकी नजर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *