आदिवासी जमीन से सरकारी भूमि तक फर्जीवाड़े का खेल! फरार तत्कालीन पटवारी गिरफ्तार, लैपटॉप-प्रिंटर जब्त

Spread the love

धरमजयगढ़ :  रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र से जमीन फर्जीवाड़े से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। कापू पुलिस ने जमीन से संबंधित फर्जीवाड़े के दो गंभीर मामलों में फरार चल रहे तत्कालीन पटवारी राकेश साय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किया है। इन उपकरणों के जरिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाने की आशंका को देखते हुए पुलिस तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, पहला मामला पण्डो जनजाति की जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि पटवारी राकेश साय की भूमिका संदिग्ध रही और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पण्डो जनजाति की जमीन को गैर-आदिवासी व्यक्ति के नाम दर्ज कराया गया। इसके बाद उक्त जमीन की बिक्री भी कराए जाने का आरोप है।

वहीं, दूसरा मामला ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय जमीन से संबंधित है। इस मामले में शासकीय भूमि के फर्जी दस्तावेज और पट्टे तैयार कर उसे निजी लोगों के नाम अंतरण किए जाने तथा बाद में उसकी रजिस्ट्री कराए जाने की बात सामने आई है। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज किया था, जिसके बाद से तत्कालीन पटवारी राकेश साय फरार चल रहा था।

ये भी पढ़े :टेस्ट ट्यूब लेकर लैब में डांस, रील हुई वायरल तो गई नौकरी! 3 महिला टेक्नीशियन बर्खास्त

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कार्रवाई

एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत कापू पुलिस को सूचना मिली कि राकेश साय अपने ग्राम गनपतपुर में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर बरामद किया है। पुलिस अब इन उपकरणों की जांच के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि जमीन फर्जीवाड़े से जुड़े दस्तावेज तैयार करने में इनका इस्तेमाल हुआ था या नहीं। साथ ही फर्जी दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया में आरोपी की भूमिका और उससे जुड़े तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश और संभावित ठिकानों पर दबिश की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *