मनोरंजन डेस्क: तमिल सिनेमा के मशहूर अभिनेता विजय सेतुपति की फिल्म ‘महाराजा’ ने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई थी। 2024 में रिलीज हुई इस नियो-नॉयर एक्शन-थ्रिलर में विजय सेतुपति के साथ अनुराग कश्यप समेत कई कलाकार नजर आए थे। सिनेमाघरों में प्रदर्शन के बाद ओटीटी रिलीज के जरिए फिल्म को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंच मिली।
अब फिल्म के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। ‘महाराजा’ का सीक्वल बनने जा रहा है और खुद विजय सेतुपति ने इसकी पुष्टि कर दी है।
‘महाराजा 2’ की कहानी तैयार, विजय सेतुपति ने किया कन्फर्म
अपनी आगामी फिल्म ‘बत्था’ के ऑडियो लॉन्च के दौरान विजय सेतुपति ने ‘महाराजा 2’ को लेकर बड़ा अपडेट दिया। अभिनेता के मुताबिक, फिल्म के निर्देशक निथिलन स्वामीनाथन उन्हें सीक्वल की कहानी सुना चुके हैं।
विजय सेतुपति ने निर्देशक की तारीफ करते हुए कहा कि निथिलन की लेखन क्षमता और कहानी को समझने का तरीका शानदार है। अभिनेता के मुताबिक, उन्होंने हाल ही में ‘महाराजा 2’ की कहानी सुनी और उन्हें यह काफी प्रभावशाली लगी।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि सीक्वल को लेकर बातचीत अब शुरुआती स्तर से आगे बढ़ चुकी है और कहानी तैयार है।
हालांकि, फिल्म की कहानी किस दिशा में आगे बढ़ेगी, इसमें कौन-कौन से कलाकार शामिल होंगे और शूटिंग या रिलीज कब होगी, इसे लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिर साथ आएंगे विजय सेतुपति और निथिलन स्वामीनाथन
विजय सेतुपति और निर्देशक निथिलन स्वामीनाथन की जोड़ी ने ‘महाराजा’ में साथ काम किया था। 2024 में रिलीज हुई इस फिल्म में अनुराग कश्यप, सचना नमिदास, अभिरामी और ममता मोहनदास भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।
फिल्म की कहानी एक नाई के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने डस्टबिन ‘लक्ष्मी’ के गायब होने के बाद पुलिस के पास पहुंचता है। शुरुआत में साधारण नजर आने वाली यह कहानी धीरे-धीरे एक गंभीर और डार्क मुद्दे में बदल जाती है।
‘महाराजा’ का हॉलीवुड में भी बनेगा रीमेक
‘महाराजा’ की लोकप्रियता अब भारतीय सिनेमा से आगे भी पहुंच चुकी है। सीक्वल की खबर से पहले फिल्म के हॉलीवुड रीमेक को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया था।
प्रोड्यूसर सुधन सुंदरम के मुताबिक, फिल्म के रीमेक राइट्स एक हॉलीवुड एजेंसी ने खरीदे हैं। चीन में मिली सफलता समेत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म को मिली प्रतिक्रिया के बाद इसके हॉलीवुड रीमेक की चर्चा तेज हुई।
बॉक्स ऑफिस पर भी किया था अच्छा प्रदर्शन
‘महाराजा’ को दर्शकों और समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। IMDb पर फिल्म की रेटिंग 8.3 बताई गई है। Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारत में करीब 72.43 करोड़ रुपये नेट कमाए थे, जबकि दुनियाभर में इसका कलेक्शन करीब 199.20 करोड़ रुपये रहा।
ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के बाद फिल्म को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच भी काफी चर्चा मिली। अब ‘महाराजा 2’ की पुष्टि के बाद दर्शकों की नजर इस बात पर है कि सीक्वल में कहानी किस नए मोड़ पर पहुंचेगी।




