प्रभारी सचिव डॉ. भारतीदासन ने धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर परखी व्यवस्था, किसानों की सुविधाओं का लिया जायजा

Spread the love

कवर्धा टेकेश्वर दुबे : कबीरधाम जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से प्रारंभ हो चुकी है। खरीदी व्यवस्था का जायजा लेने जिले के प्रभारी सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने कलेक्टर तुलिका प्रजापति के साथ जिले के 8 धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पनेका, कोसमंदा, धरमपुरा, बिरकोना, सोनपुरी रानी, धमकी, बम्हनी एवं रेंगाखार खुर्द केन्द्रों में खरीदी, तौल, गुणवत्ता जांच, बारदाना एवं भंडारण व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी किसानों का धान सुचारू रूप से खरीदा जाए और खरीदी प्रक्रिया में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने किसानों से सीधे बातचीत कर टोकन वितरण, धान विक्रय एवं भुगतान की जानकारी ली। छोटे किसानों को टोकन देने की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आद्रतामापी मशीन से धान की नमी जांची तथा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से वजन की सटीकता का परीक्षण किया। धान की गुणवत्ता जांच के लिए ढेरी बनाकर परीक्षण करने और निर्धारित नमी के अनुरूप धान लाने के लिए किसानों को जागरूक करने कहा। धान की स्टेकिंग व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि खरीदी के दिन ही धान का व्यवस्थित स्टेकिंग कराया जाए, जिससे धान सुरक्षित रहे और गुणवत्ता प्रभावित न हो।

ये भी पढ़े :गुलेल से पत्थर मारने की बात पर खूनी विवाद, डंडे से पीटकर ग्रामीण की हत्या; तीन आरोपी गिरफ्तार

प्रभारी सचिव डॉ भारतीदासन ने बारदाना की गुणवत्ता जांच तथा पर्याप्त तिरपाल एवं कैप कवर की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, ड्रेनेज एवं सीसीटीवी सहित सभी आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने धान के भंडारण के लिए पहले से ही विकल्पित जगह चिन्हांकित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कंप्यूटर में टोकन सॉफ्टवेयर, किसानों के पंजीयन, रकबा, अनुमानित खरीदी एवं भुगतान की जानकारी ली। खरीदी संबंधी रजिस्टरों का नियमित संधारण करने तथा कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं समिति प्रबंधकों को आवश्यकता अनुसार प्रशिक्षण देने कहा, ताकि तकनीकी त्रुटियां कम हों और खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। निरक्षण के दौरान खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन, डीएमओ किशोर चंद्रा, सीसीबी नोडल आर पी मिश्रा, सहकारिता उपायुक्त श्री आकाश पात्रे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रभारी सचिव ने रकबा एवं पंजीयन संबंधी त्रुटियों का सर्वोच्च प्राथमिकता से सुधार करने के दिए निर्देश

प्रभारी सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने किसानों के रकबा संबंधी त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि पिछले वर्ष एग्रीस्टेक में पंजीकृत किसानों का रकबा शून्य अथवा पूर्व की तुलना में कम प्रदर्शित होने संबंधी त्रुटियों का सुधार समिति स्तर पर सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जाए। पंजीयन संबंधी त्रुटियों के कारण अन्य फसल प्रदर्शित होने तथा किसानों की अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए समिति स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं समिति प्रभारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी के दौरान किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करें और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें, ताकि किसानों को अपनी उपज विक्रय करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *