रायपुर और धमतरी में आयोजित प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिखाया दमखम, टीम स्पर्धा में स्वर्ण तो खो-खो में रजत पदक पर जमाया कब्जा
परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/छुरा : एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय मैनपुर (पीफरछेड़ी) के छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तरीय एकलव्य खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय सहित पूरे गरियाबंद जिले का गौरव बढ़ाया है। 27 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 तक रायगढ़ एवं धमतरी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विभिन्न क्लस्टरों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मैनपुर के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन, मेहनत और बेहतर टीम समन्वय का परिचय देते हुए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता में मैनपुर के छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टीम स्पर्धा में निरंजन (कप्तान), नरेंद्र कपिल और टेमन ने मैदान पर बेहतरीन तालमेल, रणनीति और कप्तानी कौशल का प्रदर्शन किया। उनके शानदार नेतृत्व और टीम के सामूहिक प्रयासों की बदौलत विद्यालय/क्लस्टर की टीम ने राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं खो-खो की टीम ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया और रजत पदक प्राप्त किया। इस टीम में विद्यालय के खिलेश्वर एवं नरोत्तम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने लहराया परचम
व्यक्तिगत खेल प्रतियोगिताओं में भी मैनपुर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। छात्र वर्ग की योग स्पर्धा में योगेंद्र कंवर ने रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। वहीं अंडर-19 शतरंज प्रतियोगिता में येसूर्य ध्रुव ने कांस्य पदक हासिल किया।छात्रा वर्ग में भी खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। अंडर-14 योग स्पर्धा में टुविंकल ध्रुव ने रजत पदक प्राप्त किया। योग की अन्य स्पर्धा में टुविंकल एवं चितोत्सला ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किए। वहीं अंडर-19 ऊंची कूद प्रतियोगिता में सतरूपा ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ दिया।
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने दी बधाई
छात्र-छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य नागेंद्र सिंह, गरियाबंद के सहायक आयुक्त लोकेश पटेल, खेल शिक्षक अशोक कुमार एवं प्रियंका राजपूत सहित समस्त विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।प्राचार्य नागेंद्र सिंह ने अपने संदेश में कहा कि विद्यालय के बच्चों में असाधारण एवं प्राकृतिक खेल प्रतिभा है। विद्यालय में मिलने वाले नियमित प्रशिक्षण, शिक्षकों के मार्गदर्शन और बच्चों की कड़ी मेहनत का परिणाम है कि विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। स्वर्ण एवं रजत पदक जीतकर इन बच्चों ने साबित कर दिया है कि उचित अवसर, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के साथ ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल के विद्यार्थी भी किसी से कम नहीं हैं।प्रतियोगिता से लौटे विजेता खिलाड़ियों का विद्यालय परिसर पहुंचने पर सहपाठियों एवं शिक्षकों द्वारा ढोल-धमाकों के साथ भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों की इस सफलता से विद्यालय में उत्साह और गौरव का माहौल है। मैनपुर के इन होनहार खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों से यह संदेश दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, जरूरत केवल उसे सही दिशा और अवसर देने की है।




