भारत की अर्थव्यवस्था ने फिर दिखाया दम! पहली तिमाही में GDP ग्रोथ 7.8%, वैश्विक चुनौतियों के बीच रचा नया रिकॉर्ड

Spread the love

वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था ने अपना दबदबा कायम रखा हुआ है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर बढ़कर 7.8 प्रतिशत हो गई। बताते चलें कि पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में देश की अर्थव्यवस्था 6.9 प्रतिशत की दर से बढ़ी थी। सोमवार को सरकारी आंकड़ों में ये जानकारी दी गई है।

सकल घरेलू उत्पाद 81.36 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय (MoSPI) की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून तिमाही) में स्थिर कीमतों पर वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद (GDP) 81.36 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में ये 75.46 लाख करोड़ रुपये था।

ये भी पढ़े :3 बार टेंडर फेल, फिर बदली रणनीति! माता कौशल्या धाम के बंद कॉटेज अब लीज पर होंगे, जानें पूरा मामला

वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने वृद्धि की गति बनाए रखी
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ”वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने पहली तिमाही में वृद्धि की गति बनाए रखी है।” वहीं, मौजूदा कीमतों पर सकल घरेलू उत्पाद चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 88.27 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो एक साल पहले की समान अवधि में 80 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह मौजूदा कीमतों पर जीडीपी में 10.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताई बहुत बड़ी उपलब्धि
भारतीय अर्थव्यवस्था के इस शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक पोस्ट किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ”वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की 7.8% की शानदार GDP ग्रोथ एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। हमारे लोगों की सामूहिक ताकत ने ये सुनिश्चित किया कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और सप्लाई चेन की समस्याओं के बावजूद भारत ऐसी ग्रोथ हासिल कर सके। निराशावादी गलत साबित हुए और भारत ने एक बार फिर कामयाबी की नई ऊंचाई हासिल की।”

मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 9.2% की बढ़ोतरी
अप्रैल-जून तिमाही में देश के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 9.2% की बढ़ोतरी हुई, जो पिछले साल इसी तिमाही में 8.3% थी। इस दौरान सर्विस सेक्टर में 10% की बढ़ोतरी हुई, जो एक साल पहले के 8% से ज्यादा है। सर्विस सेक्टर में ये बढ़ोतरी फाइनेंशियल, रियल एस्टेट, IT, प्रोफेशनल सर्विसेज और प्रॉपर्टी से जुड़ी सेवाओं की वजह से हुई, जिसमें 12.1% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ये पिछले साल की समान तिमाही के 8.8% के मुकाबले काफी ज्यादा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *