दुर्ग : शहर में ज्वेलरी कारोबारी पर चाकू से हमला किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मास्क पहनकर ज्वेलरी दुकान पहुंचे एक नाबालिग ने कारोबारी पर चाकू से कई वार कर दिए। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की पूछताछ में हमले की वजह करीब दो साल पुरानी एक घटना को लेकर कथित रंजिश बताई जा रही है। घायल ज्वेलरी कारोबारी के चेहरे और हाथ में चोटें आई हैं।
चांदी की चेन लेकर दुकान पहुंचा था नाबालिग
जानकारी के मुताबिक, आरोपी चेहरे पर मास्क लगाकर ज्वेलरी दुकान पहुंचा था। उसके पास चांदी की एक चेन थी, जिसे वह गिरवी रखना चाहता था। दुकान संचालक ने चेन गिरवी रखने से इनकार कर उसे दूसरी दुकान पर जाने के लिए कहा।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाल लिया और कारोबारी पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दुकान में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
CCTV फुटेज से मिला सुराग
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की और बाद में नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सीएसपी हर्षित मेहर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने CCTV फुटेज और जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
दो साल पुरानी घटना से जुड़ी बताई जा रही है रंजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 11वीं कक्षा का छात्र है। पुलिस के मुताबिक, करीब दो साल पहले वह किशोर रंजन पालित की दुकान पर चांदी की चेन खरीदने गया था।
बताया गया कि चेन की कीमत 450 रुपये थी, जबकि उस समय आरोपी के पास 350 रुपये थे। 100 रुपये कम होने पर उसने कारोबारी से चेन की कीमत कम करने की बात कही थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में दावा किया कि उस दौरान कारोबारी की एक टिप्पणी से उसे अपमानित महसूस हुआ था। पुलिस का कहना है कि इसी घटना के बाद उसके मन में कारोबारी के प्रति रंजिश बनी रही और इसी को उसने मौजूदा हमले की वजह बताया।
न्यायालय के आदेश पर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया
पुलिस ने नाबालिग आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
नाबालिग होने के कारण पुलिस ने आरोपी की पहचान से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।




