Korba Accident: जसगीत गाने जा रही महिलाओं को बुलेट ने मारी टक्कर, दो की मौत

Spread the love

कोरबा :  छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों महिलाएं अपनी टोली के साथ मादर-ढोल लेकर ठाकुर देवता स्थल पर जसगीत गाने जा रही थीं। इसी दौरान गोपालपुर मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार बुलेट ने महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में कुछ अन्य महिलाएं और बाइक चालक भी घायल हुए हैं। घटना दर्री थाना क्षेत्र की है।

गोपालपुर मुख्य मार्ग पर हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 बजे महिलाओं की टोली जसगीत गाने के लिए ठाकुर देवता स्थल की ओर जा रही थी। उनके पास मादर-ढोल भी थे। इसी दौरान गोपालपुर मुख्य मार्ग पर बुलेट बाइक (CG 12 AR 8993) ने महिलाओं को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी गंभीर थी कि कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

ये भी पढ़े :Bilaspur Crime: तीन साल की बच्ची को ले जाने की कोशिश, दादी ने रोका तो चाकू से हमला; मौत

अस्पताल में दो महिलाओं ने तोड़ा दम

अस्पताल में डॉक्टरों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान ब्रिंदा बाई महंत और शकुंतला बाई महंत के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार थीं। हादसे में घायल बाइक चालक राहुल का भी इलाज जारी है।

जसगीत कार्यक्रम बंद कराया गया

हादसे की खबर मिलने के बाद गांव में चल रहे जसगीत कार्यक्रम को बंद करा दिया गया। दो महिलाओं की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *