फाफाडीह में गैस पाइपलाइन के लिए सड़क खुदाई पर बवाल, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने उठाए सवाल; कंपनी पर जुर्माने की मांग

Spread the love

रायपुर : राजधानी रायपुर के फाफाडीह मुख्य मार्ग और आसपास की सड़कों पर गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने निर्माण कार्य के तरीके पर सवाल उठाते हुए संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई और बड़ा जुर्माना लगाने की मांग की है।

आकाश तिवारी का आरोप है कि HCG प्राइवेट लिमिटेड द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सड़कों की मनमाने तरीके से खुदाई की जा रही है। उन्होंने मौके का निरीक्षण करने के बाद दावा किया कि कंपनी के पास नगर निगम की वैध अनुमति या आदेश मौजूद नहीं था। उनके मुताबिक, करीब दो महीने से काम चल रहा है, लेकिन जिला प्रशासन और नगर निगम को इसकी जानकारी तक नहीं थी।

‘क्या रायपुर प्रयोगशाला बन गया है?’

मौके पर स्थिति का जायजा लेने पहुंचे आकाश तिवारी ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या राजधानी रायपुर प्रयोगशाला बन गई है, जहां कोई भी बाहर से आए और प्रयोग करके चला जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर बनी-बनाई सड़कों को खोदना और आम लोगों को परेशानी में डालना स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खुदाई के दौरान पेयजल पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। एक ओर विकास कार्यों के लिए बजट की कमी की बात कही जाती है, वहीं दूसरी ओर तैयार सड़कों को खोदकर उन्हें नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

ये भी पढ़े :CGPSC घोटाले में ADM चेतन बरघोरिया की गिरफ्तारी पर CM साय का बड़ा बयान, बोले- ‘किसी को बख्शा नहीं जाएगा’

निगम आयुक्त से की तत्काल कार्रवाई की मांग

मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा से फोन पर चर्चा की और मौके की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने खुदाई का काम तत्काल रुकवाने तथा सड़क पर किए गए बड़े-बड़े गड्ढों को बंद कराने की मांग की।

आकाश तिवारी ने कहा कि जिला प्रशासन और नगर निगम की ऐसी अधूरी एवं नियम विरुद्ध व्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आम जनता को इसी तरह परेशानी होती रही और नगर निगम को नुकसान पहुंचता रहा तो कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी।

कांग्रेस नेताओं और स्थानीय व्यापारियों ने भी जताई आपत्ति

निरीक्षण के दौरान आकाश तिवारी के साथ पूर्व शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गिरीश दुबे, पूर्व एल्डरमैन सुनील भुवाल, कांग्रेस कमेटी के सुदीप होर सहित स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने सड़क खुदाई से स्थानीय लोगों और व्यापारियों को हो रही परेशानी को लेकर चिंता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *