नाबालिग बच्चियों से अश्लील हरकत करने वाले आरोपी पर महिला थाना की कड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

कवर्धा टेकेश्वर दुबे :कबीरधाम पुलिस ने नाबालिग बच्चियों के साथ अश्लील हरकत करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। प्रकरण के अनुसार दिनांक 11 अगस्त 2026 को प्रार्थिया द्वारा महिला थाना उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 09 अगस्त 2026 की शाम लगभग 5 से 6 बजे के बीच उसकी दो नाबालिग बेटियां एवं पड़ोसी की एक नाबालिग बच्ची घर के बाहर खेल रही थीं। इसी दौरान ग्राम उड़ियाकला निवासी जागेश्वर साहू द्वारा बच्चियों को मिठाई का लालच देकर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया गया तथा उनके साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक हरकत की गई। बच्चियों द्वारा विरोध करने एवं रोने-चिल्लाने पर आरोपी मौके से भाग गया।

घटना के संबंध में प्रार्थिया की रिपोर्ट पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 37/2026, धारा 74, 75(2), 296 बीएनएस एवं धारा 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

ये भी पढ़े :15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर बेमेतरा जिले में शराब दुकानें रहेंगी बंद

विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा प्रार्थिया, पीड़ित बच्चियों एवं परिजनों के कथन दर्ज किए गए तथा आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। उपलब्ध साक्ष्यों एवं जांच में आरोपी द्वारा अपराध घटित करना पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी जागेश्वर साहू पिता जगदीश साहू, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम उड़ियाकला, थाना सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम को दिनांक 12 अगस्त 2026 को दोपहर 12:30 बजे विधिवत गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को दी गई तथा नियमानुसार गिरफ्तारी चेकलिस्ट तैयार की गई। प्रकरण की विवेचना जारी है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

कबीरधाम पुलिस नाबालिग बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *