धमतरी में खाद-कीटनाशक विक्रेताओं पर बड़ी कार्रवाई, एक का लाइसेंस निलंबित; दो पर बिक्री प्रतिबंध, 8 को नोटिस

Spread the love

 धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में किसानों को गुणवत्तायुक्त कीटनाशक और उर्वरक उपलब्ध कराने कृषि विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में जिलेभर में सहकारी संस्थानों और निजी विक्रय परिसरों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।

इसी कार्रवाई के दौरान धमतरी विकासखंड के मेसर्स मधु कृषि केन्द्र, कोलियारी में अनियमितता पाए जाने पर कृषि विभाग ने विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

वहीं मेसर्स गंगबेर कृषि केन्द्र, अछोटा और मेसर्स शिवम ट्रेडर्स, खरेंगा के खिलाफ भी अनियमितता पाए जाने पर विक्रय प्रतिबंध की कार्रवाई की गई है।

ये भी पढ़े :पपीता ही नहीं, इसके पत्ते भी हैं कमाल! कब्ज से डेंगू तक जानें पपीते के पत्तों के रस के फायदे और सही तरीका

इसके अलावा आठ अन्य कृषि विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। कृषि विभाग ने साफ किया है कि उर्वरक और कीटनाशक की उपलब्धता, स्टॉक, गुणवत्ता और निर्धारित विक्रय दर की लगातार निगरानी की जा रही है।

किसानों को अधिक कीमत पर सामग्री बेचने, बिना बिल विक्रय करने, स्टॉक में गड़बड़ी या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का पालन नहीं करने वाले विक्रेताओं के लाइसेंस को निलंबित या निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *