हिरासत में लिए गए युवक की मौत के बाद पुलिस में बड़ा फेरबदल, थाना प्रभारी और एएसआई लाइन अटैच

Spread the love

जांजगीर-चांपा :  अवैध शराब बिक्री के मामले में हिरासत में लिए गए कुल्लू उर्फ शिव साहिस की इलाज के दौरान मौत के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस में कार्रवाई का दायरा बढ़ गया है। मामले में पहले आरक्षक को निलंबित किया गया था, अब चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव और सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल दिवाकर को रक्षित केंद्र जांजगीर लाइन अटैच कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की है। साथ ही चांपा और सारागांव थानों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।

हिरासत के बाद बिगड़ी थी तबीयत

पुलिस के मुताबिक, चांपा के मेहंदीपारा निवासी कुल्लू उर्फ शिव साहिस को बुधवार को आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अवैध शराब बिक्री के मामले में हिरासत में लिया गया था।

शाम के समय उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए चांपा अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर किया, जहां गुरुवार सुबह करीब 8 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

ये भी पढ़े :बेमेतरा जिले के 5400 गरीब परिवारों के सपनों को मिली चाबी, भव्य गृह प्रवेश सम्पन्न

परिजनों ने लगाया मारपीट और प्रताड़ना का आरोप

युवक की मौत की जानकारी सामने आने के बाद उसके परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने चांपा थाने पहुंचकर घेराव किया और हिरासत के दौरान युवक के साथ मारपीट एवं प्रताड़ना किए जाने का आरोप लगाया।

हालांकि पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए जाने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हुई।

मामले में युवक की मौत की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।

पहले आरक्षक निलंबित, अब थाना प्रभारी और एएसआई पर कार्रवाई

मामले में एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने पहले आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित किया था। अब कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव और सउनि बाबूलाल दिवाकर को रक्षित केंद्र जांजगीर लाइन अटैच कर दिया गया है।

चांपा और सारागांव थानों को मिले नए प्रभारी

प्रशासनिक फेरबदल के तहत सारागांव थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेण्डे को अब चांपा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, यातायात शाखा में पदस्थ निरीक्षक प्रमोद कश्यप को थाना प्रभारी सारागांव बनाया गया है। इस तरह कुल्लू उर्फ शिव साहिस की मौत के मामले में कार्रवाई के साथ ही चांपा थाने की कमान अब निरीक्षक कमलेश शेण्डे संभालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *