कबीरधाम में नए एसपी जितेंद्र कुमार यादव का स्वागत, एएसपी पुष्पेंद्र बघेल और डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर को भावभीनी विदाई

Spread the love

कवर्धा टेकेश्वर दुबे : जिला कबीरधाम न्यू पुलिस लाइन के सभागार में बुधवार रात्रि 8:00 बजे जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति में नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (आई.पी.एस.) के स्वागत तथा स्थानांतरित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) कृष्ण कुमार चंद्राकर के सम्मान में स्वागत एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल द्वारा नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव को पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत के साथ किया गया। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक श्री यादव ने स्थानांतरित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। इसके उपरांत जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने क्रमशः पुष्पगुच्छ भेंट कर नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक का स्वागत तथा स्थानांतरित दोनों अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी।

उल्लेखनीय है कि जितेंद्र कुमार यादव ने दिनांक 28 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक, जिला कबीरधाम के पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत आयोजित इस प्रथम औपचारिक समारोह में जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए सफल एवं जनोन्मुखी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

ये भी पढ़े :85 साल की उम्र में स्वच्छता की मिसाल: तिरिथ राम साहू ने प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने का उठाया बीड़ा

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल ने दिनांक 11 मार्च 2024 को जिला कबीरधाम में पदभार ग्रहण किया था। लगभग 2 वर्ष 4 माह तक अपनी सेवाएँ प्रदान करने के उपरांत वे 29 जुलाई 2026 को जिला कबीरधाम से कार्यमुक्त हुए। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, विभागीय समन्वय, जनसुरक्षा एवं विभिन्न पुलिस अभियानों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्तमान में उनका स्थानांतरण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात), जिला रायगढ़ के पद पर हुआ है।

इसी प्रकार उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर ने दिनांक 11 जून 2024 को जिला कबीरधाम में पदभार ग्रहण किया था। लगभग 2 वर्ष 1 माह तक अपनी सेवाएँ देने के उपरांत वे 25 जुलाई 2026 को जिला कबीरधाम से कार्यमुक्त हुए। अपने कार्यकाल में उन्होंने नक्सल विरोधी गतिविधियों, कानून-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा विभागीय दायित्वों के प्रभावी निर्वहन में उल्लेखनीय योगदान दिया। वर्तमान में उनका स्थानांतरण सहायक पुलिस आयुक्त (पंडरी), रायपुर नगरीय के पद पर हुआ है।

समारोह के दौरान जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों ने क्रमवार अपने उद्बोधन में नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव का स्वागत करते हुए स्थानांतरित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर के कबीरधाम जिले में दिए गए उत्कृष्ट योगदान, नेतृत्व क्षमता, कार्यकुशलता एवं कर्तव्यनिष्ठा की मुक्तकंठ से सराहना की।

अपने उद्बोधन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर ने कबीरधाम जिले में बिताए गए अपने सेवाकाल के अनुभव, विभागीय कार्यों तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जुड़े अनेक यादगार पलों को साझा किया तथा सभी के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव द्वारा अपने उद्बोधन में दोनों स्थानांतरित अधिकारियों के उत्कृष्ट कार्यों एवं योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में विभाग के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवीन पदस्थापना पर भी वे अपनी कार्यकुशलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर उनके अनुभव का लाभ समय-समय पर लिया जाएगा। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा दोनों अधिकारियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों स्थानांतरित अधिकारियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) आशीष शुक्ला, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोडला अखिलेश कौशिक, रक्षित निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, निरीक्षक एम वीरेंद्र तारम, उप निरीक्षक एम श्रीमती पूजा चौबे सहित जिले के समस्त अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *