बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती (29 अगस्त) के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस एवं फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत जिले में तीन दिवसीय खेल महोत्सव 29 से 31 अगस्त तक की शुरुआत आज जिला मुख्यालय बेमेतरा में हुई। "हर गली, हर मैदान, खेले सारा हिंदुस्तान" की तर्ज पर आयोजित इस कार्यक्रम में रस्साकशी, दौड़, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, तीरंदाजी एवं शतरंज जैसे विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आरंभ हुईं।इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक दिपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू, कलेक्टर रणबीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, सीईओ जिला पंचायत प्रेमलता, डिप्टी कलेक्टर सह खेल अधिकारी पिंकी मनहर, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिंहा, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा राजेंद्र शर्मा, पार्षद विकास तम्बोली सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - हम आपके हैं कौन बनते
आज राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस खेल महोत्सव में जिला मुख्यालय के खेल मैदानों में सुबह से ही उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, ग्रामीण एवं शहरी युवाओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। खेल मैदान में पारंपरिक खेलों के साथ आधुनिक खेलों के आयोजन से प्रतिभागियों में विशेष जोश देखने को मिला। इस अवसर पर सभी ने संकल्प लिया कि खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर फिट इंडिया मूवमेंट को आगे बढ़ाया जाएगा।
विधायक दिपेश साहू ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस केवल खेलों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमें टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों में सक्रिय रूप से भाग लें और जिले का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।राष्ट्रीय खेल दिवस हमें खेलों के महत्व की याद दिलाता है। उन्होंने कहा खेल व्यक्ति में अनुशासन, टीम भावना और धैर्य विकसित करते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी हैं।
विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि आज का दिन हमें मेजर ध्यानचंद जी के योगदान और खेलों के महत्व की याद दिलाता है। खेलों से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि मानसिक संतुलन और सामाजिक समरसता भी बढ़ती है। उन्होंने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की और युवाओं को खेलों से जुड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि “बेमेतरा की धरती पर खेलों की समृद्ध परंपरा रही है। यहां की युवा पीढ़ी में खेलों को लेकर विशेष उत्साह है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को मंच देने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं को निखारने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट का उद्देश्य केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना है। उन्होंने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं, और जब युवा खेलों व फिटनेस की ओर अग्रसर होंगे तो समाज और देश दोनों मजबूत बनेंगे। उन्होंने खेल महोत्सव को सफल बनाने के लिए खिलाड़ियों और आयोजकों को शुभकामनाएँ दीं।
ये भी पढ़े : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर नगर में खेल का आयोजन
पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने कहा कि खेल हमारे जीवन में तनाव दूर करने और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम हैं। जैसे पुलिस में अनुशासन और फिटनेस जरूरी है, वैसे ही हर नागरिक को अपने जीवन में फिटनेस को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने युवाओं को खेलों के माध्यम से नशा और बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया।
Comments