बालोद : जिला प्रेस क्लब बालोद की अहम बैठक बुधवार को स्थानीय अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के आगामी तीन वर्षों की दिशा, पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों और कार्यकारिणी के पुनर्गठन पर विस्तार से मंथन किया गया। सर्वसम्मति से संतोष साहू को दूसरी बार अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि राहुल भूतड़ा को पुनः महासचिव चुना गया।बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्तमान कार्यकारिणी को अगले तीन वर्षों तक यथावत रखते हुए आवश्यकता अनुसार विस्तार किया जाएगा। पत्रकारों ने संगठन की मजबूती और एकजुटता पर बल देते हुए स्पष्ट किया कि जिला प्रेस क्लब हर सदस्य के सम्मान और अधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी पत्रकार के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में पत्रकार भवन के लिए भूमि आबंटन, भवन निर्माण, पत्रकारों के पंजीयन और जिले भर से आने वाले पत्रकारों के ठहरने की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी। अध्यक्ष संतोष साहू और महासचिव राहुल भूतड़ा ने कहा कि पत्रकार भवन के लिए जमीन आबंटन की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी। साथ ही पत्रकारों की मूलभूत सुविधाओं के लिए ठोस और संगठित प्रयास किए जाएंगे।
मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
वरिष्ठ पत्रकार हरबंस अरोरा विशेष रूप से आमंत्रित अतिथि के रूप में बैठक में शामिल हुए। उन्होंने जिले में पत्रकार भवन निर्माण के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए संगठन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में कोई छोटा या बड़ा नहीं होता, समाचार की अहमियत ही सबसे बड़ी होती है। उन्होंने अध्यक्ष और महासचिव के पिछले कार्यकाल की सराहना करते हुए संगठन की एकता को मजबूती देने की बात कही।वरिष्ठ पत्रकार मोहनदास मानिकपुरी ने भी पत्रकार भवन निर्माण को लक्ष्य बनाकर ठोस पहल करने की आवश्यकता जताई और दोनों पदाधिकारियों को पुनर्नियुक्ति पर बधाई दी।बैठक में रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और भिलाई प्रेस क्लब के अध्यक्ष व महासचिव को आमंत्रित सदस्य के रूप में जोड़ने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
इस दौरान हरबंस अरोरा, संतोष साहू, राहुल भूतड़ा, मोहनदास मानिकपुरी, रवि भूतड़ा, मंजू शर्मा, विवेक वैष्णव, अरुण उपाध्याय, संजय दुबे, बलराम गुप्ता, अफजल रिजवी, सतीश रजक, शंकर साहू, संजय सोनी, फुरकान खान, नरेश श्रीवास्तव, किशोर साहू, विकास साहू, लक्ष्मीकांत बंसोड़ ,सुप्रीत शर्मा, जगन्नाथ साहू, देवेंद्र साहू,चिमन पटेल, राजेश साहू, अनीस राजपूत, आरके देवांगन, परसराम साहू, विकास जोशी, राजेश सोनी, , राकेश द्विवेदी, जागेश्वर सिन्हा, करण सोनी,ऋषि सिन्हा सहित जिले के विभिन्न संस्थानों के संपादक और ब्यूरो चीफ मौजूद रहे।
इस बैठक में जिले के वरिष्ठ पत्रकार एवं संरक्षक ब्रजेश पांडे, ओम टुवानी और ओम गोलछा सहित कुछ अन्य पत्रकार साथी व्यक्तिगत कारणों से बैठक में शामिल नहीं हो सके, लेकिन संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और सहयोग का संदेश प्रेषित किया।
अंत में अध्यक्ष और महासचिव ने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बीते तीन वर्षों की तरह आगामी कार्यकाल भी सौहार्द, संवाद और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। प्रेस क्लब को और सशक्त व प्रभावी बनाने का संकल्प दोहराया गया।
.jpeg)

Comments