मार्च के अंतिम सप्ताह और अप्रैल की शुरुआत में गेहूं की कटाई शुरू हो जाती है. अधिकतर किसान अपनी ही फसल में से अगली बुवाई के लिए बीज सुरक्षित रख लेते हैं, लेकिन कई बार लापरवाही के कारण बीज खराब हो जाता है. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार सबसे बड़ा खतरा कंडुआ रोग (लूज़ स्मट) से होता है. इस रोग में बाली में दाने बनने की जगह काले रंग का पाउडर भर जाता है. यदि खेत में ऐसी काली बाली दिखाई दे तो झिल्ली हटने से पहले ही उस पौधे को जड़ सहित उखाड़कर नष्ट कर देना चाहिए, ताकि बीमारी अन्य पौधों में न फैले.
थ्रेसर की सफाई और सही दानों का चयन
कटाई के बाद बीज सुरक्षित रखने से पहले थ्रेसर मशीन की अच्छी तरह सफाई करना बेहद जरूरी है. मशीन में फंसे पुराने या संक्रमित दानों को पूरी तरह हटा दें. विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि अगली बुवाई के लिए सबसे पहले निकला अनाज ही अलग कर लें. इसके बाद बीज को छलनी या झरने से छानकर छोटे, टूटे और हल्के दानों को अलग कर दें. केवल मोटे, स्वस्थ और चमकदार दानों को ही बीज के लिए सुरक्षित रखें.
नमी 10 प्रतिशत से अधिक न हो
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रोफेसर डॉ. आई.के. कुशवाहा के अनुसार बीज को भंडारण से पहले अच्छी तरह सुखाना आवश्यक है. गेहूं में नमी 10 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए. किसान पारंपरिक तरीके से दाने को दांत से दबाकर जांच करते हैं. यदि कट की आवाज आए तो समझें नमी कम है और बीज भंडारण योग्य है. धूप में अच्छी तरह सुखाने से फफूंद और कीटों का खतरा कम हो जाता है.
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
भंडारण के लिए अपनाएं सही तरीका
बीज को ऐसे स्थान पर रखें जहां नमी बिल्कुल न हो और जगह शुष्क हो. बोरे जमीन से सीधे संपर्क में न रखें, बल्कि लकड़ी या तख्ते पर ऊपर रखें. चूहों से बचाव की भी व्यवस्था होनी चाहिए. यदि पुराने बोरे का उपयोग कर रहे हैं तो पहले उसे मैलाथियन दवा के घोल में भिगोकर सुखा लें, ताकि उसमें मौजूद कीटाणु नष्ट हो जाएं.
जागरूकता से मिलेगा बेहतर उत्पादन
विशेषज्ञों का कहना है कि जो किसान फाउंडेशन या सर्टिफाइड बीज तैयार करते हैं, उन्हें खड़ी फसल के दौरान भी विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए. परागण के समय रोगग्रस्त पौधों को हटाना बेहद आवश्यक है, वरना बीमारी अगली फसल में फैल सकती है.
इन छोटी-छोटी सावधानियों को अपनाकर किसान स्वस्थ बीज सुरक्षित रख सकते हैं और अगली फसल में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं. सही चयन, उचित सुखाई और वैज्ञानिक भंडारण ही अच्छी पैदावार की कुंजी है.
.jpeg)

Comments