रायपुर : राजधानी रायपुर के नार्थ जोन क्षेत्र में धारदार चाकू से प्राणघातक हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में अरविंद साहू और हिना निषाद शामिल हैं। घटना के बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी अरविंद साहू को उसके गृहग्राम कर्वधा (जिला कबीरधाम) से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला सुश्री पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। थाना खमतराई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार किया।
घटना का विवरण
प्रार्थिया प्रियंका मिश्रा (23 वर्ष) ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 26 फरवरी 2026 की रात करीब 7:30 बजे रावाभाठा बंजारी मंदिर के पास स्थित गौरव रंग उद्योग कंपनी के द्वितीय तल पर बने कर्मचारी आवास के कमरे में वह अपने पति आशीष मिश्रा के साथ थी। उसी दौरान हिना निषाद ने अपने परिचित अरविंद साहू को फोन कर बुलाया।
अरविंद साहू वहां पहुंचा और कंपनी मालिक से नशा करने की शिकायत करने की बात को लेकर आशीष मिश्रा और उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौच करने लगा। इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे धारदार चाकू से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में आशीष मिश्रा को सीने, सिर और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने पर प्रियंका मिश्रा की पीठ में भी चाकू से चोट लगी। घायल आशीष मिश्रा को पहले एनकेडी अस्पताल बिरगांव में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एम्स अस्पताल टाटीबंध रेफर किया गया।
ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 138/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामला गंभीर प्रवृत्ति का पाए जाने पर विशेष टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी अरविंद साहू अपने गृहग्राम कर्वधा में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने तत्काल रवाना होकर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बटनदार धारदार चाकू और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। पूछताछ में अरविंद साहू ने बताया कि हिना निषाद ने ही उसे फोन कर बुलाया था और घटना में सहयोग किया। इसके बाद पुलिस ने हिना निषाद को भी गिरफ्तार कर लिया।
आपराधिक पृष्ठभूमि
पुलिस के अनुसार, आरोपी अरविंद साहू के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित कुल 8 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें वह अलग-अलग जिलों की जेल जा चुका है।
आहत की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में धारा 115(2) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जब्ती सामग्री
01 धारदार बटनदार चाकू
02 नग मोबाइल फोन
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।
.jpeg)

Comments