जिला सीईओ ने ग्राम रेवे का किया निरीक्षण, जल संरक्षण हेतु रिचार्ज पिट निर्माण की अपील

जिला सीईओ ने ग्राम रेवे का किया निरीक्षण, जल संरक्षण हेतु रिचार्ज पिट निर्माण की अपील

बेमेतरा 02 मार्च 2026:- मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बेमेतरा प्रेमलता पद्माकर ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पूर्व जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत बेरला विकासखंड के ग्राम पंचायत रेवे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मनरेगा कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्रों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जल संरक्षण अभियान पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान जिला सीईओ ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए रिचार्ज पिट निर्माण अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भूजल स्तर को बनाए रखने और भविष्य में जल संकट से बचने के लिए प्रत्येक घर में रिचार्ज पिट का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने घरों में रिचार्ज पिट बनाने की अपील की। इस दौरान निर्माणाधीन रिचार्ज पिट का अवलोकन कर उसके तकनीकी पहलुओं की भी जानकारी दी गई।

मनरेगा कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता पर जोर
जिला सीईओ ने मनरेगा अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कार्यस्थलों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और श्रमिकों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी ली।

ये भी पढ़े : मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है 

प्रधानमंत्री आवास योजना का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का निरीक्षण किया गया। जिला सीईओ ने लाभार्थियों से चर्चा कर योजना से मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की तथा निर्माण कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण
जिला सीईओ ने स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों से बातचीत की। उन्होंने शिक्षकों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों की शिक्षा, पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति विशेष जागरूकता बनाए रखने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत की समस्याओं से कराया अवगत
सरपंच पिंटू सिंहा ने ग्राम पंचायत की विभिन्न समस्याओं से जिला सीईओ को अवगत कराया। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पूर्व जिला प्रशासन के निर्देशानुसार अधिक से अधिक घरों में रिचार्ज पिट निर्माण सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत बेरला की मुख्य कार्यपालन अधिकारी दीप्ति मंडावी, अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा आसित गोलछा, मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कश्यप, तकनीकी सहायक वीरेंद्र वर्मा एवं अरुण टंडन, सरपंच पिंटू सिंहा, सचिव, रोजगार सहायक तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments