राजनांदगांव : होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बसंतपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मोहल्लों में हो-हुल्लड़ कर माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले तीन लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में होली पर्व के मद्देनजर थाना बसंतपुर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान की, जो त्योहार के दौरान हुड़दंग, मारपीट या अन्य अप्रिय घटना को अंजाम देकर शहर का माहौल खराब कर सकते थे।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
अभियान के दौरान पुलिस ने तीन असामाजिक तत्वों दिलीप लहरे (28 वर्ष) निवासी कौरिनभाठा, बादल उर्फ रमेश सिन्हा (35 वर्ष) निवासी चौखडियापारा और नेतराम उर्फ खतम यादव (28 वर्ष) निवासी कौरिनभाठा के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो सके।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी एमन साहू, उपनिरीक्षक नरेश सार्वा, सउनि मनमोहन साहू, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, महिला प्रधान आरक्षक सीमा जैन, आरक्षक प्रवीण मेश्राम, कुश बघेल, राजेश बंदेश्वर एवं रूपेन्द्र वर्मा सहित अन्य पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



Comments