बेमेतरा, 06 मार्च 2026 : जिले में होली पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के पश्चात 05 मार्च 2026 को रक्षित केन्द्र बेमेतरा (पुलिस लाइन बेमेतरा) में बेमेतरा पुलिस परिवार द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव, बेमेतरा भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय साहू, नगर पालिका बेमेतरा अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा, अपर कलेक्टर श्री गुड्डू लाल जगत, बेमेतरा एसडीएम श्री प्रकाश कुमार भारद्वाज, डीएसपी (मुख्यालय) श्री राजेश कुमार झा, एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला श्री विनय कुमार, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू, डीएसपी श्रीमती शशीकला उईके तथा रक्षित निरीक्षक श्री प्रवीण खलखो, पार्षद श्री लक्की साहू, राजकुमार खांडे सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि होली पर्व के दौरान जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे तथा वरिष्ठ अधिकारी भी जवानों के साथ लगातार पेट्रोलिंग करते रहे। बेमेतरा पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों की मेहनत एवं सजगता से जिले में आमजन ने होली का पर्व उत्साह, खुशी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
होली मिलन समारोह के दौरान डीआईजी श्री रामकृष्ण साहू एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता, भाईचारे और सकारात्मकता की भावना को सुदृढ़ करता है तथा जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है।
समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर, मिठाई खिलाकर और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं। ढोल-नगाड़ों एवं साउंड सिस्टम की धुन पर सभी ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया और रंगों में सराबोर होकर होली का आनंद लिया।
डीआईजी, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने इस अवसर पर उपस्थित सभी मीडिया प्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रंगों के पावन पर्व होली की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आपसी स्नेह, विश्वास और भाईचारे का संदेश दिया।



Comments