आज की हलचल : लखपति दीदियों से संवाद करेंगे मुख्यमंत्री साय,UPSC परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को CM साय ने दी बधाई,पढ़े और भी खबरें

आज की हलचल : लखपति दीदियों से संवाद करेंगे मुख्यमंत्री साय,UPSC परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को CM साय ने दी बधाई,पढ़े और भी खबरें

 रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2:20 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइंस से प्रस्थान कर 2:30 बजे सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बुढापारा पहुंचेंगे, जहां वे दोपहर 2:30 से 3:30 बजे तक आयोजित ‘राज्य स्तरीय बिहान लखपति दीदी सम्मेलन 2026’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद 3:30 बजे स्टेडियम से प्रस्थान कर 3:40 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे। वहीं शाम 5:25 बजे मुख्यमंत्री निवास से निकलकर 5:30 बजे भाजपा कार्यालय, एकात्म परिसर पहुंचेंगे, जहां 5:30 से 6:15 बजे तक आयोजित होली मिलन समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद 6:15 बजे वहां से प्रस्थान कर 6:30 बजे अश्वनी नगर स्थित सोनकर बाड़ी पहुंचेंगे और 6:30 से 7:15 बजे तक आयोजित रंगपंचमी उत्सव में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद 7:15 बजे वहां से प्रस्थान कर 7:30 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

लखपति दीदियों से संवाद करेंगे मुख्यमंत्री साय

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ द्वारा 7 मार्च को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है 

इस दौरान प्रदेशभर से आई हजारों लखपति दीदियों से मुख्यमंत्री संवाद कर उनकी सफलता की कहानियां सुनेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी लेंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय लखपति दीदी पर आधारित कॉफी टेबल बुक और छत्तीसकला ब्रांड बुक का विमोचन करेंगे। साथ ही ‘लखपति दीदी ग्राम पोर्टल’ का शुभारंभ भी किया जाएगा। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाओं और लखपति दीदियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

UPSC परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को CM साय ने दी बधाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त करने वाले छत्तीसगढ़ के सभी अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री साय ने वैभवी अग्रवाल, दर्शना सिंह बघेल, डायमंड सिंह ध्रुव, रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया को उनकी उल्लेखनीय सफलता के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इन होनहार बेटे-बेटियों की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और यह दिखाती है कि निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊँचाई को प्राप्त किया जा सकता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी सफल अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि छत्तीसगढ़ के युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन युवाओं की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के सपनों को नई ऊर्जा और दिशा देने वाली प्रेरणा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये सभी प्रतिभाशाली युवा प्रशासनिक सेवाओं में रहते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा करेंगे तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

CG वायु योजना से फिर शुरू होंगी लोकल उड़ानें, रायपुर से जगदलपुर-अंबिकापुर-बिलासपुर कनेक्ट होंगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में करीब डेढ़ साल से बंद स्थानीय हवाई सेवाओं को फिर से शुरू करने की तैयारी की जा रही है। राज्य सरकार ने घरेलू उड़ानों को बढ़ावा देने के लिए ‘सीजी वायु योजना’ शुरू की है, जिसके तहत इस वर्ष बजट में 30 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। योजना के जरिए रायपुर से जगदलपुर, अंबिकापुर और बिलासपुर सहित अन्य शहरों के बीच हवाई सेवाएं अगले छह माह के भीतर शुरू करने की योजना है।

दरअसल, पहले रायपुर-जगदलपुर सहित कुछ रूटों पर विमान सेवाएं शुरू की गई थीं, लेकिन यात्रियों की कमी के कारण इन्हें बंद करना पड़ा। प्रदेश में रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में एयरपोर्ट तो हैं, लेकिन रायपुर को छोड़कर अन्य जगहों से नियमित उड़ानें संचालित नहीं हो पा रही हैं।

नई योजना के तहत राज्य सरकार एयरलाइंस कंपनियों को आर्थिक सहायता देगी, ताकि किराया कम रखा जा सके और यात्रियों की संख्या बढ़े। इसके लिए सरकार 40 से 60 प्रतिशत सीटों को न्यूनतम दर पर उपलब्ध कराने में मदद करेगी और किराए में आने वाले अंतर की भरपाई एयरलाइंस कंपनियों को करेगी। इससे लोकल हवाई सेवाओं को स्थायी रूप से संचालित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments