स्वाद और सेहत दोनों में बेमिसाल, नाश्ते में बनाएं चुकंदर का चीला,यहां जानें रेसिपी

स्वाद और सेहत दोनों में बेमिसाल, नाश्ते में बनाएं चुकंदर का चीला,यहां जानें रेसिपी

सुबह के नाश्ते में अक्सर हम वही बोरिंग पराठे या पोहा खाकर ऊब जाते हैं। ऐसे में कुछ ऐसा चाहिए जो बनाने में आसान हो, दिखने में आकर्षक और सेहत के गुणों से भरपूर हो। चुकंदर का चीला एक ऐसी ही रेसिपी है। अपने लाजवाब स्वाद के कारण यह न केवल बड़ों को, बल्कि बच्चों को भी खूब पसंद आता है। 

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है 

चुकंदर आयरन और विटामिन्स से भरपूर होने के कारण सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। इसलिए इसे सुबह ब्रेकफास्ट में शामिल करना सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद है। आइए जानें घर पर टेस्टी चुकंदर का चीला बनाने की आसान रेसिपी।

सामग्री 

  1. चुकंदर- 1 बड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
  2. बेसन- 1 कप (बाइंडिंग के लिए)
  3. सूजी- 2-3 बड़े चम्मच (कुरकुरापन लाने के लिए)
  4. दही- 2 चम्मच 
  5. हरी मिर्च- 1-2 बारीक कटी हुई
  6. अदरक- 1 इंच का टुकड़ा
  7. मसाले- आधा छोटा चम्मच अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर, चुटकी भर हींग और स्वादानुसार नमक
  8. पानी
  9. तेल या घी- चीला सेकने के लिए
  10. हरा धनिया- बारीक कटा हुआ

बैटर तैयार करने की विधि

सबसे पहले चुकंदर को धोकर छील लें। आप इसे बारीक कद्दूकस कर सकते हैं या फिर थोड़े से पानी के साथ मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना सकते हैं। अब एक बाउल में बेसन और सूजी लें। इसमें चुकंदर का पेस्ट, दही, अदरक, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें।

अब इसमें नमक, अजवाइन, हींग और लाल मिर्च पाउडर मिलाएं। थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एक मध्यम गाढ़ा घोल तैयार करें। ध्यान रहे कि घोल न तो बहुत ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा। इस बैटर को 10-15 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें, ताकि सूजी फूल जाए और चीले नरम बनें।

चीला बनाने का तरीका

  1. सबसे पहले एक नॉन-स्टिक तवा गरम करें और उस पर थोड़ा सा तेल या घी लगाकर चिकना कर लें।
  2. अब एक बड़ा चम्मच बैटर तवे के बीच में डालें और उसे धीरे-धीरे गोल घुमाते हुए फैलाएं। इसे आप अपनी पसंद के अनुसार पतला या थोड़ा मोटा रख सकते हैं।
  3. मध्यम आंच पर चीले को तब तक पकने दें जब तक कि इसके किनारे तवे को छोड़ने न लगें।
  4. किनारों पर थोड़ा सा तेल डालें और चीले को सावधानी से पलट दें।
  5. दूसरी तरफ से भी सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें। हल्का-सा दबाकर सेकने से यह अंदर तक अच्छी तरह पक जाता है।

सर्व कैसे करें?

चुकंदर का यह गरमा-गरम गुलाबी चीला देखने में जितना सुंदर लगता है, खाने में उतना ही स्वादिष्ट होता है। इसे आप पुदीने की चटनी, मीठी इमली की चटनी या फिर ताजे दही के साथ परोस सकते हैं। अगर आप बच्चों के लिए बना रहे हैं, तो इसके ऊपर थोड़ा सा कद्दूकस किया हुआ पनीर डाल दें, इससे इसकी पौष्टिकता और स्वाद दोनों बढ़ जाएंगे।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments