नई दिल्ली: अभिनेत्री हंसिका मोटवानी एक लंबे समय से पति सोहेल कथूरिया के साथ अपने टूटे रिश्ते को लेकर चर्चा में थीं। 4 दिसंबर 2022 को बिजनेसमैन सोहेल कथूरिया के साथ शादी के बंधन में बंधीं हंसिका मोटवानी पिछले 2 साल से अपने पति से अलग रह रही थीं।शादी के 2 साल बाद ही इस कपल के बीच मतभेद की खबरें आने लगी थीं। वे 2 जुलाई 2024 से ही एक-दूसरे से अलग रह रहे थे। अब एक लंबे इंतजार के बाद हंसिका मोटवानी का बिजनेसमैन सोहेल कथूरिया से तलाक हो गया है।
एक छत के नीचे रहना हो गया था मुश्किल
'इंडिया टुडे' की रिपोर्ट के मुताबिक, हंसिका मोटवानी को रिप्रेजेंट करने वाले वकील अदनान शेख ने बांद्रा फैमिली कोर्ट को यह बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही यह कपल अलग-अलग रहने लगा था। उन्हें महसूस हुआ था कि उनके स्वभाव, विचारों और लाइफस्टाइल में काफी अंतर है, जो लगातार उनके बीच मतभेद का कारण बना हुआ था।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कोर्ट में दायर की गई याचिका के अनुसार, कपल के बीच छोटी-छोटी बातों पर लड़ाई होती थी, जिसकी वजह से उनका एक ही छत के नीचे रहना बहुत मुश्किल हो गया था। इसी कारण उन्होंने अलग होने का फैसला किया। इस याचिका में यह भी बताया गया कि उनके दोस्तों और परिवारवालों ने उनकी सुलह करवाने की काफी कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।
11 मार्च को कोर्ट ने दी तलाक को मंजूरी
हंसिका मोटवानी और सोहेल कथूरिया ने एक-दूसरे से बातचीत की और आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला किया। दोनों पक्षों ने जो याचिका दायर की, उसमें एक-दूसरे के खिलाफ कोई दावा या मांग नहीं की गई है। बांद्रा फैमिली कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद यह माना कि उनके रिश्ते में अब बचाने के लिए कुछ भी नहीं बचा है, जिसके बाद 11 मार्च 2026 को उनके तलाक को मंजूरी दे दी गई।
रिपोर्ट्स की मानें तो, हंसिका मोटवानी ने सोहेल कथूरिया से किसी भी तरह की एलिमनी (Alimony) की डिमांड नहीं की है। आपको बता दें कि हंसिका मोटवानी ने अपनी करीबी दोस्त रिंकी बजाज के एक्स-हसबैंड से शादी की थी। जब हंसिका की शादी हुई थी, तो उन पर अपनी दोस्त का घर तोड़ने का आरोप भी लगा था।



Comments