रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11:20 बजे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से रवाना होंगे और 11:30 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचकर विधानसभा सत्र में भाग लेंगे। दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026 का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे वे फिर से विधानसभा पहुंचकर सत्र की कार्यवाही में शामिल होंगे। उसके बाद शाम 6 बजे मुख्यमंत्री सिविल लाइन स्थित अपने निवास पहुंचेंगे। वहीं रात 9 बजे वे शदाणी दरबार में सद्गुरु संत राजाराम साहिब जी के 66वें वर्ष महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
विधानसभा के बजट सत्र का आज 9वां दिन
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 9वां दिन है। सदन की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल में डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब विधायकों के सवालों के जवाब देंगे। वहीं मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब और ओपी चौधरी सदन के पटल पर विभिन्न पत्र रखेंगे। आज सदन में दो ध्यानाकर्षण भी लगाए जाएंगे। विधायक पुन्नू लाल मोहले प्रदेश में जर्जर सड़कों के मुद्दे को लेकर ध्यानाकर्षण लगाएंगे, जबकि विधायक चातुरी नंद और लखेश्वर बघेल कृषि विकास एवं किसान कल्याण से जुड़े विषय पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे। इसके अलावा विधायक दिलीप लहरिया, सावित्री मंडावी, ललित चंद्राकर और इंद्रशाह मंडावी सदन में याचिकाओं की प्रस्तुति करेंगे। सत्र के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। साथ ही मंत्री लखन लाल देवांगन और मंत्री टंक राम वर्मा के विभागों की अनुदान मांगों पर भी सदन में विस्तृत चर्चा की जाएगी।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
सीएम साय लॉन्च करेंगे ‘मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026’
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज ‘मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना-2026’ का शुभारंभ करेंगे। रायपुर के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में इस योजना की शुरुआत की जाएगी। इस योजना का लाभ निम्न दाब घरेलू, एकल बत्ती और कृषि उपभोक्ताओं को मिलेगा। लंबे समय से बिजली बिल के बकाया से परेशान उपभोक्ताओं को इससे राहत मिलेगी। इस योजना के जरिए निम्न और मध्यम आय वर्ग के उपभोक्ताओं को बिजली बिल भुगतान में सहूलियत मिलेगी।
कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई बाधित, 15 से अधिक बड़े रेस्टोरेंट बंद
रायपुर। राजधानी रायपुर में कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई बाधित होने का असर अब होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा है। गैस सिलेंडर की कमी के कारण शहर के 15 से अधिक बड़े रेस्टोरेंट बंद हो गए हैं, जबकि कई होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को अपने खाने के मेन्यू में भी कटौती करनी पड़ी है। बताया जा रहा है कि छोटे और मध्यम वर्ग के होटल-रेस्टोरेंट संचालकों के पास फिलहाल केवल 3 से 4 दिनों का ही गैस सिलेंडर का स्टॉक बचा है। समय पर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिलने से होटल और ढाबा संचालकों की चिंता बढ़ गई है। संचालकों को डिमांड ज्यादा होने के कारण गैस एजेंसियों से समय पर सिलेंडर की सप्लाई नहीं मिल पा रही है।
मैकेनिक भर्ती परीक्षा के मॉडल आंसर जारी
रायपुर। व्यावसायिक परीक्षा मंडलं द्वारा मैकेनिक, मैकेनिक कम इलेट्रिशियन, सेक्शन होल्डर सहित अन्य पदों के लिए 8 मार्च को हुई भर्ती परीक्षा के मॉडल आंसर जारी कर दिए गए हैं। 16 मार्च तक मॉडल आंसर पर – दावा आपत्ति दर्ज की जा सकती है। अभ्यर्थी मॉडल आंसर तथा दावा आपत्ति संबंधित अन्य दिशा-निर्देश व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। इसके अतिरिक्त एक मार्च को मुद्रण तथा लेखन सामग्री विभाग के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा के भी मॉडल आंसर व्यापम ने अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं।
पांच दिवसीय मेहंदी वर्कशॉप आज से
रायपुर। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर एलिगेंस की ओर से मेहंदी वर्कशॉप का आयोजन 12 से 16 मार्च तक किया जाएगा। स्किल डेवलपमेंट पहल के अंतर्गत यह 5 दिवसीय वर्कशॉप चोबे कालोनी स्थित नॉर्थ अवेन्यू में दोपहर 3 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक चलेगी। इसमें 15 साल से लेकर 22 साल तक की गर्ल्स को मेहंदी बनाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके साथ ही इस आर्ट को करियर के रूप में अपनाने की जानकारी एक्सपर्ट देंगे।
पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन 13 मार्च को
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 मार्च को असम राज्य के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देश के करीब 9.32 करोड़ किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22 वीं किस्त की राशि 18 हज़ार 650 करोड़ रुपये का अंतरण करेंगे। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम से छत्तीसगढ राज्य के 24 लाख 71 हजार 498 किसानों के खाते में 498.83 करोड़ रूपए की राशि भेजी जाएगी। इस योजना के तहत छत्तीसगढ राज्य के 2 लाख 92 हजार वन पट्टाधारी और 37 हजार 400 विशेष पिछड़ी जनजाति किसानों को भी लाभान्वित किया जा रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में इस दिन को पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पीएम किसान उत्सव के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान बैठकों का आयोजन किया जाएगा और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी कराया जाएगा, ताकि किसान सीधे इस कार्यक्रम से जुड़ सकें। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पारदर्शी व्यवस्था है।
आदि परब ‘परम्परा से पहचान तक’ का आयोजन 13 मार्च से
रायपुर। नवा रायपुर स्थित आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में 13 और 14 मार्च को आदि परब ‘परम्परा से पहचान तक’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन आदिम जाति विभाग द्वारा किया जाएगा। आदिम जाति विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि जनजातीय समाज की रचनात्मकता, जीवन-दर्शन और सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा जनजातीय कला, संस्कृति एवं परम्पराओं को समर्पित आदि परब 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में आदि रंग के माध्यम से जनजातीय चित्रकारों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी, आदि परिधान में जनजातीय वेशभूषा पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां, आदि आख्यान के अंतर्गत जनजातीय विषयों पर सेमीनार तथा आदि हाट में जनजातीय शिल्पकारों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प एवं पारम्परिक उत्पादों को प्रस्तुत की जाएगी। वहीं जनजातीय संस्कृति एवं परम्पराओं पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।



Comments