खरसिया एनएच-49 बना खूनी हाईवे, वेदांता रेलवे साइडिंग के पास हादसे में युवा व्यवसायी भूषण छाबड़ा की मौत

खरसिया एनएच-49 बना खूनी हाईवे, वेदांता रेलवे साइडिंग के पास हादसे में युवा व्यवसायी भूषण छाबड़ा की मौत


खरसिया :- नेशनल हाईवे-49 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार की रात कुनकुनी स्थित वेदांता रेलवे साइडिंग के पास हुए सड़क हादसे में खरसिया के युवा व्यवसायी भूषण छाबड़ा (45 वर्ष), पिता नवरत्न छाबड़ा की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए भूषण छाबड़ा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार भूषण छाबड़ा रोजाना की तरह चपले से अपना व्यवसायिक कार्य समाप्त कर शाम लगभग 7 बजे दुकान बंद कर खरसिया लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-49 पर वेदांता साइडिंग के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
इस घटना के बाद एक बार फिर एनएच-49 पर हो रही लगातार दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। खासकर वेदांता रेलवे साइडिंग के गेट नंबर 1 और 2 के आसपास बार-बार होने वाले हादसों को लेकर नागरिक प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है 

स्थानीय लोगों का कहना है कि साइडिंग से निकलने वाली भारी ट्रकों की आवाजाही सीधे नेशनल हाईवे पर होती है। हाईवे पर चलने वाले वाहनों को कंपनी गेट से निकलने वाली ट्रकें समय पर दिखाई नहीं देतीं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं कंपनी से निकलने वाले ट्रक चालकों को भी हाईवे का ट्रैफिक स्पष्ट रूप से नजर नहीं आता।आरोप है कि कंपनी गेट और नेशनल हाईवे के बीच सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। न तो यहां पर्याप्त संकेतक लगाए गए हैं और न ही स्पीड कंट्रोल या ट्रैफिक व्यवस्था की कोई ठोस व्यवस्था दिखाई देती है। इसके कारण लगातार हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जा रही है।

इधर, इस हादसे से छाबड़ा परिवार में शोक का माहौल है। पत्नी और बच्चे घर पर उनके लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अचानक आई हादसे की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। 45 वर्ष की उम्र में इस तरह सड़क हादसे में हुई मौत ने पूरे नगर को भी झकझोर दिया है।नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि एनएच-49 पर वेदांता साइडिंग के पास हो रही दुर्घटनाओं की गंभीरता से जांच कर तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments