कबाड़ कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 संचालकों पर केस

कबाड़ कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 संचालकों पर केस

दुर्ग : दुर्ग पुलिस ने शुक्रवार को जिले में एक बड़ा अभियान चलाकर 9 कबाड़ी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। सभी आरोपी लोहे के कबाड़ और स्क्रैप का कारोबार करते थे। पुलिस ने उनके पास से लगभग 60 टन लोहे का स्क्रैप, कई छोटे और बड़े वाहन, गैस कटर सेट और गैस सिलेंडर जब्त किए। इस अभियान में एसीसीयू क्राइम ब्रांच दुर्ग, जामुल थाना, सुपेला थाना और कुम्हारी थाना की संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्थानों पर एक साथ दबिश दी। पुलिस को जिले में अवैध स्क्रैप और कबाड़ के कारोबार की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत में यह जानकारी मिली थी कि जामुल थाना क्षेत्र के एक परिसर में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से लोहे के स्क्रैप का संग्रहण, कटिंग और विक्रय किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जामुल थाना क्षेत्र के इस परिसर में छापामार कार्रवाई की।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है 

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपियों के गोदाम में लोहे का स्क्रैप, पाइप, चैनल, दरवाजे, रॉड और भारी लोहे के कल-पुर्जे रखे हुए थे। इसके अलावा लगभग 200 किलोग्राम तांबा, गैस कटर सेट और गैस सिलेंडर भी बरामद हुए। जब पुलिस ने कारोबारियों से दस्तावेज मांगे तो वे इसे पेश नहीं कर सके। इस वजह से सारे स्क्रैप और संबंधित उपकरण जब्त कर लिए गए। जिले में लगातार यह शिकायतें आ रही थीं कि कई कबाड़ी संचालक चोरी के वाहनों और स्क्रैप को अवैध रूप से खपाने में शामिल हैं। इस कारण से पुलिस ने एक साथ 9 कबाड़ी संचालकों के गोदामों पर छापामारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान न केवल स्क्रैप जब्त किया गया, बल्कि परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ट्रक और छोटे मालवाहक वाहन भी पुलिस ने जप्त कर लिए।

पुलिस अधिकारी मणिशंकर चंद्रा, एएसपी दुर्ग-भिलाई ने बताया कि जिले में चोरी और अवैध कारोबार की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य न केवल चोरी के स्क्रैप और वाहन बरामद करना है, बल्कि ऐसे अवैध कारोबार को पूरी तरह से समाप्त करना है।” उन्होंने यह भी कहा कि सभी 9 कबाड़ी संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि यह दुर्ग पुलिस का अब तक का सबसे बड़ा अभियान माना जा रहा है। 60 टन से अधिक स्क्रैप और वाहन जब्त होने से जिले में अवैध कारोबार पर एक बड़ा संदेश गया है। साथ ही यह कार्रवाई अन्य कबाड़ी संचालकों के लिए चेतावनी भी है कि अवैध गतिविधियों में शामिल होना उन्हें कानून की गिरफ्त में ला सकता है। जिला प्रशासन ने कहा कि इस अभियान से चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार में कमी आएगी और जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जाएंगे।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments