आज की तेज रफ्तार जिंदगी में हमारा खानपान और जीवनशैली तेजी से बदल गई है. जंक फूड, कम शारीरिक गतिविधि और लगातार तनाव के कारण दिल से जुड़ी समस्याएं पहले से कहीं ज्यादा देखने को मिल रही हैं, दूसरे शब्दों में कहा जाए, तो आज के वक्त में बहुत आम हो गई है.ऐसे में लोगों का कहना होता है कि उनको कई बार अचानक सीने में दर्द या चुभन महसूस होती है, लेकिन वह इसे सामान्य गैस समझकर नजरअंदाज कर देते हैं. किसी भी असामान्य संकेत को यूं ही नजरअंदाज करना मौत की वजह भी बन सकता है. क्योंकि कुछ मामलों में यही दर्द हार्ट अटैक का शुरुआती संकेत भी हो सकता है. सही समय पर फर्क समझना और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना किसी की जान बचा सकता है, इसलिए यह जानना बेहद जरूरी है कि गैस का दर्द और हार्ट अटैक वाला दर्द आखिर कैसे अलग-अलग महसूस होता है.
सीने में दर्द की वजह गैस है या हार्ट अटैक, कैसे करें पहचान?
पेट में गैस बनने पर शरीर देता है ऐसे संकेत
जब खाना ठीक से नहीं पचता या पाचन तंत्र कमजोर होता है, तो पेट में गैस बनने लगती है. इसका असर सिर्फ पेट तक सीमित नहीं रहता, बल्कि कई बार सीने तक दर्द या जलन महसूस हो सकती है. गैस से होने वाले दर्द के साथ आमतौर पर पेट फूलना, बार-बार डकार आना, जी मिचलाना, पेट में ऐंठन या हल्का दर्द जैसे लक्षण दिखाई देते हैं. कुछ मामलों में फूड पॉइजनिंग या किसी खाने से एलर्जी होने पर भी ऐसी समस्या हो सकती है, अगर सीने में दर्द के साथ पेट से जुड़ी ये समस्याएं भी महसूस हो रही हों, तो ज्यादा संभावना होती है कि यह गैस की वजह से हो रहा हो. हालांकि फिर भी सावधानी बरतना जरूरी है.
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
हार्ट अटैक के समय शरीर में दिख सकते हैं ये खतरनाक लक्षण
दिल से जुड़ा दर्द अक्सर सामान्य गैस के दर्द से अलग महसूस होता है. हार्ट अटैक के दौरान सीने में तेज दबाव, भारीपन या कसाव जैसा दर्द महसूस हो सकता है. यह दर्द कई बार बाएं कंधे, दोनों हाथों, गर्दन या जबड़े तक फैल सकता है. इसके साथ-साथ घबराहट, चक्कर जैसा महसूस होना, सांस लेने में दिक्कत, अचानक ठंडा पसीना आना और दिल की धड़कन का तेज होना भी सामान्य लक्षण माने जाते हैं. कुछ लोगों को उल्टी जैसा भी महसूस हो सकता है, ऐसे में अगर ये संकेत दिखाई दें तो इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना चाहिए.



Comments