रायपुर: मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। वे आज शाम करीब 6 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दौरे के दौरान वे राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके अलावा वे रायपुर-रीवा फ्लाइट सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
विधानसभा में आज पेश होगा धर्म स्वातंत्र्य संशोधन विधेयक
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 12वां दिन है। प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री टंक राम वर्मा और मंत्री केदार कश्यप विधायकों के सवालों का जवाब देंगे। वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी सदन की कार्यवाही के दौरान विभिन्न पत्रों को पटल पर रखेंगे। सदन में विधायक कुंवर सिंह निषाद और ललित चंद्राकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से अहम मुद्दे उठाएंगे, जबकि विधायक विक्रम मंडावी, लता उसेंडी और उद्देश्वरी पैकरा याचिकाओं की प्रस्तुति देंगे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा धर्म स्वातंत्र्य (संशोधन) विधेयक पेश करेंगे। इसके अलावा मंत्री टंक राम वर्मा और वित्त मंत्री ओपी चौधरी शासकीय विधि विषयक कार्य भी सदन के पटल पर रखेंगे। सत्र के दौरान मुख्यमंत्री के विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। साथ ही वित्त मंत्री ओपी चौधरी छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक का पुनःस्थापन करेंगे।
सचिन पायलट का छत्तीसगढ़ दौरा
रायपुर। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक वे दोपहर 12:15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद 12:30 बजे भारत माता चौक पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होंगे, जहां मनरेगा बचाओ संग्राम को लेकर कांग्रेस द्वारा विधानसभा घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद सचिन पायलट दोपहर 3 बजे राजीव भवन पहुंचेंगे, जहां वे प्रदेश कांग्रेस कनेक्ट सेंटर का शुभारंभ करेंगे।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कांग्रेस करेगी विधानसभा का घेराव
रायपुर। कांग्रेस आज विधानसभा घेराव करेगी। यह प्रदर्शन ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के साथ-साथ अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजे शंकर नगर स्थित भारत माता चौक से कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी विधानसभा की ओर कूच करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट के साथ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।
भाजयुमो का होली मिलन समारोह आज
रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा का होली मिलन समारोह आज शदाणी दरबार के पास शहनाई गार्डन में शाम 5 बजे से आहूत है। होली मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, अतिविशिष्ट अतिथि प्रदेशाध्यक्ष किरणदेव, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, विजय शर्मा और विशिष्ट अतिथि के रूप में मंत्रीगण, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महापौर मीनल चौबे के अलावा शहर व ग्रामीण जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर व श्याम नारंग विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिहा के नेतृत्व में किया जा रहा है।
शंकर नगर रोड 9 घंटे रहेगी बंद, कई रूट डायवर्ट
रायपुर। कांग्रेस के आज विधानसभा घेराव को देखते हुए राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। भारत माता प्रतिमा (केनाल रोड, शंकर नगर) के पास आयोजित आमसभा और इसके बाद घेराव कार्यक्रम के चलते शंकर नगर रोड करीब 9 घंटे तक बंद रहेगी। इस दौरान शांति नगर तिराहा से भारत माता चौक और वहां से रानी दुर्गावती की मूर्ति होते हुए आनंद नगर चौक तक यातायात पूरी तरह बाधित रहेगा। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की है और करीब 200 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। नवा रायपुर रोड सहित आसपास के इलाकों में सख्त निगरानी रखी जा रही है। कार्यक्रम के चलते आनंद नगर चौक तक यातायात प्रभावित रहेगा।
यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी जारी किए हैं। पंडरी की ओर से आने-जाने वाले वाहन शांति नगर से मधु पिल्ले चौक होते हुए आईजी कार्यालय गली से शंकर नगर की ओर जा सकेंगे। वहीं आनंद नगर चौक से पंडरी की ओर जाने वाले वाहन भगत सिंह चौक, अंबेडकर चौक और ऑक्सीजोन मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। पुलिस ने आम लोगों और नियमित यात्रियों से अपील की है कि वे सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
रीवा-रायपुर-रीवा फ्लाइट का शुभारंभ आज से
रायपुर। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच आवागमन और कनेक्टिविटी को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। रायपुर-रीवा-रायपुर फ्लाइट सेवा का शुभारंभ आज 17 मार्च को किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मंत्री राजेंद्र शुक्ल शामिल होंगे।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का 18 मार्च को जंगी प्रदर्शन
रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के आव्हान पर प्रदेशभर के कर्मचारी एवं अधिकारी अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 18 मार्च को जिला एवं ब्लॉक मुख्यालयों में भोजन अवकाश के दौरान जंगी प्रदर्शन करेंगे। फेडरेशन ने प्रदेश के सभी कर्मचारी-अधिकारियों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर अपनी एकता और अधिकारों की आवाज बुलंद करने का आव्हान किया है।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों के निराकरण के लिए यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। प्रमुख मांगों में मोदी की गारंटी के अनुसार जुलाई 2016 से लंबित महंगाई भत्ता एरियर्स की राशि कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में समायोजित करने, प्रदेश में चार स्तरीय पदोन्नत समयमान वेतनमान क्रमशः 8, 16, 24 एवं 32 वर्ष में प्रदान करने तथा मध्यप्रदेश की भांति अर्जित अवकाश नकदीकरण 300 दिवस करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। इसके साथ ही फेडरेशन ने लिपिकों, शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न संवर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करने हेतु पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने, शिक्षकों की प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर समस्त सेवा लाभ देने, तथा सहायक शिक्षकों एवं सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों को त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान प्रदान करने की मांग भी उठाई है।
फेडरेशन ने अनुकंपा नियुक्ति को निशर्त लागू करने, 10 प्रतिशत की वर्तमान सीमा समाप्त कर सीधी भर्ती के समस्त पदों पर अनुकंपा नियुक्ति देने, पंचायत सचिवों का शासकीयकरण करने, तथा नगरीय निकाय के कर्मचारियों को नियमित मासिक वेतन और समयबद्ध पदोन्नति देने की भी मांग की है। इसके अतिरिक्त विभागों में कर्मचारियों की कमी को देखते हुए सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, कार्यभारित, दैनिक वेतनभोगी, अनियमित एवं संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण करने, तथा आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली एवं सेवानिवृत्ति उपरांत संविदा नियुक्ति तत्काल बंद करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई है। साथ ही विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की अनुमति देने की भी मांग की गई है।



Comments