दंतेवाड़ा : कलेक्टर दंतेवाड़ा देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में जिले में जिला स्तरीय शिशु संरक्षण माह का शुभारम्भ किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके द्वारा किया गया। इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य,पोषण एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों की शुरुआत की गई।जिले में शिशु संरक्षण माह के तहत 6 माह से 59 माह आयु वर्ग के 29,599 बच्चों को आयरन सिरप तथा 9 माह से 59 माह आयु वर्ग के 27,955 बच्चों को विटामिन-ए सिरप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया हैं।इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में कुपोषण की रोकथाम, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि तथा उनके समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कार्यक्रम के शुभारम्भ अवसर पर टीकाकरण अधिकारी डॉ. एस. मंडल ने बच्चों के बेहतर पोषण, समय पर टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के महत्व पर प्रकाश डाला।साथ ही जिले में संचालित विभिन्न शिशु स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि शिशु संरक्षण माह के दौरान जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा ग्राम स्तर पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।इन गतिविधियों के अंतर्गत टीकाकरण सुदृढ़ीकरण,कुपोषण की पहचान एवं प्रबंधन, नवजात एवं शिशु देखभाल संबंधी जागरूकता तथा माताओं को स्वास्थ्य परामर्श जैसी सेवाएं प्रदान की जाएंगी।कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर जिले के बच्चों को स्वस्थ, सुरक्षित और पोषित भविष्य देने का संकल्प लिया।



Comments